मौसम विभाग ने अब मैदानी जिलों में कोहरे का अलर्ट जारी किया है। इससे ठंड में भी इजाफा होना लाजिमी है। गुरुवार को प्रदेशभर में घने बादल छाए रहे। जहां पर्वतीय क्षेत्रों में जमकर बर्फबारी हुई तो वहीं मसूरी सहित कई जगहों पर ओलावृष्टि से मौसम ठंडा हो गया।
मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि आज कहीं बारिश की संभावना तो नहीं है, लेकिन मैदानी जिलों हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। आज प्रदेशभर में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। बादल, बारिश और बर्फबारी के चलते अब मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ सकती है।
बेटुलीधार में बर्फ की चादर बिछ गई
गुरुवार की शाम ऊंची चोटियों के साथ ही मुनस्यारी के बेटुलीधार, क्षभुजानि, बलाती, खलियाटॉप, हंसलिंग, पंचाचूली, नाग्निधूरा, छिपलाकेदार में बर्फबारी हुई। बेटुलीधार में बर्फ की चादर बिछ गई है। जिस कारण निचले इलाकों में शीतलहर का प्रकोप है।