नैनीताल में बुधवार देर रात शुरू हुई बारिश बृहस्पतिवार सुबह तड़के तक जारी रही। दिन में कई बार हल्की बूंदाबांदी हुई। नगर दिनभर कोहरे के आगोश में रहा। बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे से बृहस्पतिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक 16.8 मिमी बारिश हुई है।
इधर, बुधवार की देर रात हुई झमाझम बारिश से हल्द्वानी चोरगलिया मुख्य मार्ग स्थित असनी नाला उफान पर आ गया। इससे सुबह 9 से 12:30 बजे तक मार्ग बंद रहा। ओखलकांडा विकासखंड के छीड़ाखान -मीडार मोटर मार्ग मलबा आने से बंद हो गया।
ऊधमसिंहनगर जिले में बुधवार देर रात और बृहस्पतिवार को हुई बारिश से लोगों को उमस से राहत मिली। खटीमा में पहाड़ में भारी बरसात से उफनाई शारदा नदी में बड़ी मात्रा में सिल्ट आने से 24 घंटे से भी अधिक समय से लोहियाहेड में बिजली उत्पादन ठप पड़ा है ।
एनएच स्वाला के पास आया मलबा
इस बीच, पिथौरागढ़ जिले के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में बृहस्पतिवार को लापता लोगों की खोजबीन का कार्य जारी रहा। इस दौरान धारचूला के हिमखोला में एक व्यक्ति का कटा हुआ पैर बरामद हुआ। ज्ञात हो कि बीते दिन हिमखोला में तीन लोग लापता हो गए थे। उधर, धारचूला क्षेत्र में बुधवार शाम आपदाग्रस्त क्षेत्र गलाती से रम्तोली जा रही धामी गांव निवासी नंदा देवी (60) पत्नी भवान सिंह पत्थर लगने से घायल हो गईं।
बागेश्वर,चंपावत में आज फिर स्कूल बंद
मौसम विभाग के अनुसार 13 जुलाई को फिर भारी बारिश हो सकती है। इसके मद्देनजर चंपावत के मुख्य शिक्षा अधिकारी आरसी पुरोहित और बागेश्वर के सीईओ हरीशचंद्र सिंह ने 12वीं तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश रखने के निर्देश जारी किए हैं। स्कूलों में तैनात शिक्षक और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहेंगे। बागेश्वर के सीएमओ ने डॉक्टर और अस्पताल स्टाफ की छुट्टियों पर रोक लगा दी है।