मौसम विभाग ने प्रदेशभर में आज बारिश, ओलावृष्टि की वार्निंग जारी की है। विभाग के मुताबिक पर्वतीय इलाकों में ज्यादातर हिस्सों में बारिश हो सकती है। राजधानी में चार, पांच व छह जून को तीन दिन बारिश का सिलसिला चलने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते बारिश होगी।
मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक, प्रदेशभर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। प्रदेश के अनेक हिस्सों में तेज बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है, जिस पर नजर रखी जा रही है। राजधानी में भी शाम तक एक या दो दौर की बारिश हो सकती है।
चारों धाम की चोटियों पर बर्फबारी
वहीं पहाड़ों पर रविवार को मौसम का मिजाज बदल गया। चारों धाम बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में बारिश के साथ ही हिमायल की चोटियों पर बर्फबारी भी हुई। दोपहर बाद शुरू हुई बारिश का सिलसिला रात तक जारी रहा। मौसम के इस बदले मिजाज से ठंड फिर लौट आई है।