यमुनोत्री हाईवे उत्तरकाशी को जोड़ने वाले राडी क्षेत्र में बर्फबारी से मार्ग बंद हो गया है। एनएच की मशीनें बर्फ हटाने में जुट गई हैं। भारी बारिश के कारण कोटद्वार के कई इलाकों में जलभराव हो गया है। घरों में पानी घुसने से लोग परेशान हो गए हैं।कोटद्वार-दुगड्डा हाईवे के बीच भूस्खलन वाले जोन में बारिश के कारण परेशानियां बड़ गई हैं।
उत्तरकाशी जिले के मोरी व पुरोला ब्लॉक के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जमकर बर्फबारी हो रही है। गोविन्द पशु विहार क्षेत्र के के 42 गांव बर्फ की सफेद चादर में कैद हो गए हैं। हरकीदून घाटी के ओसला, पवाणी, ढाटमीर, गंगाड़, तालुका, सेवा, सट्टा, बरी आदि गांव का बर्फबारी के कारण तहसील मुख्यालय मोरी से संपर्क कट गया है। सांकरी, नैटवाड़, जरमोला, केदार कांठा, देवजानी व पुरोला ब्लॉक के धड़ोल्ली, शिकारू, कमलेश्वर महादेव आदि क्षेत्रों में जमकर हिमपात हो रहा है। जनवरी प्रथम सप्ताह में हो रही यह बर्फबारी सेव की फसल के लिए वरदान मानी जा रही है।
धनोल्टी में सीजन की दूसरी बर्फबारी
टिहरी जिले के प्रसिद्व पर्यटक स्थल धनोल्टी, काणाताल और सुरकंडा क्षेत्र में शनिवार सुबह को इस सीजन की दूसरी बर्फबारी हुई है। सुबह 10 बजे से धनोल्टी क्षेत्र में रुक-रुक कर बर्फबारी हो रही है। हालांकि बर्फबारी देखने के लिए कम ही संख्या में पर्यटक धनोल्टी और आसपास के क्षेत्रों में पहुंच पाए हैं। बर्फबारी के साथ ही धनोल्टी क्षेत्र में सुबह से लागातार बारिश का सिलसिला जारी है। चंबा-मसूरी मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सामान्य रूप से हो रही है। चंबा-मसूरी मार्ग बर्फबारी से काणाताल और कद्दूखाल में यातायात के लिए बंद हो गया है। सड़क से बर्फ हटाने के लिए दो जेसीबी लगाई गई हैं।
औली में पर्यटकों ने लिया बर्फबारी का मजा
बर्फबारी के बीच शनिवार को पर्यटक औली पहुंचे। पर्यटकों ने यहां बर्फ का जमकर लुत्फ उठाया। पर्यटक जोशीमठ-औली रोपवे के साथ ही सड़क मार्ग से औली पहुंचे। बर्फबारी में पर्यटकों ने चेयर लिफ्ट का भी आनंद लिया। औली में करीब दो फीट तक बर्फ जम गई है। औली स्लोप के साथ ही दस नंबर टावर और कृत्रिम झील के किनारे पर्यटकों ने बर्फबारी का मजा लिया। बर्फबारी के बीच पर्यटक औली में स्कीइंग का लुत्फ भी ले रहे हैं।