मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह के मुताबिक गुरुवार और शुक्रवार को मैदानी इलाकों में थोड़ी राहत रहेगी। जबकि पर्वतीय इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना है। शनिवार व रविवार को बारिश होने की संभावना है। राज्य के कई जिलों में शीतलहर की पूरी संभावना है। ऊधमसिंहनगर व हरिद्वार में गुरुवार को घना कोहरा रहने की पूरी संभावना है।
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते राजधानी दून व आसपास के इलाकों में बुधवार को पूरे दिन हल्की बारिश होती रही। हालांकि देर शाम अचानक बारिश ने जोर पकड़ लिया और देर रात तक जारी रही। बारिश होने से मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। तापमान में जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई। जिसके चलते लोगों को जबरदस्त ठंड का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को राजधानी दून व आसपास के इलाकों में दिन का अधिकतम तापमान 18 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान नौ डिग्री रहा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट के चलते गुरुवार को भी ठंड रहेगी। मौसम विभाग के मुताबिक टिहरी में सबसे अधिक 8.4 मिमी और राजधानी दून में सुबह साढ़े आठ से लेकर शाम साढ़े पांच बजे तक 3.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। हालांकि राजधानी दून में देर शाम जबरदस्त बारिश हुई।