वहीं, पहाड़ों की रानी मसूरी में भी मौसम ने अपना मिजाज बदला। मसूरी में सुबह से हो रही बारिश से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। लोगों को मई के महीने में दिसंबर महीने जैसी ठंड का एहसास होने लगा। लोगों को ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़े और अलाव का सहारा लेना पड़ा।
वहीं, मौसम विभाग ने भी10 व 11 मई को प्रदेश में ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। विभाग के मुताबिक, कुछ जगहों पर ओले पड़ने का सिलसिला भी जारी रहेगा। शनिवार को भी केदारनाथ, तुंगनाथ समेत ऊंचाई वाले इलाकों में शनिवार को दो घंटे तक बर्फबारी होती रही। कर्णप्रयाग के थराली, देवाल और नारायणबगड़ में भी तेज बारिश हुई। इसी तरह कुमाऊं के कई पहाड़ी इलाकों में भी बारिश हुई।
कई इलाकों में आज भी ओलावृष्टि और आंधी के आसार
प्रदेश के कई इलाकों में सोमवार को भी ओले व बिजली गिरने और आंधी चलने का अनुमान है। मौसम केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार राज्य के कई पहाड़ी क्षेत्रों में ओलावृष्टि और बिजली गिर सकती है। वहीं, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, देहरादून, पौड़ी और नैनीताल के ज्यादातर मैदानी क्षेत्रों में तेज आंधी चल सकती है। इस आंधी की रफ्तार 50 से 60 किमी प्रति घंटा तक हो सकती है।
राजधानी दून और आसपास के इलाकों में रविवार दोपहर घने बादल छाने से अंधेरा छा गया। कई जगह तेज हवा और गरज के साथ हल्की बारिश भी हुई। इससे तापमान में काफी कमी आई और गर्मी व उमस से जूझ रहे लोगों को राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार रविवार इस साल मई का अब तक सबसे ठंडा दिन रहा। रविवार सुबह ज्यादातर क्षेत्रों में आसमान साफ और तेज धूप खिल गई। हालांकि, कुछ देर बाद ही मौसम में बदलाव हुआ और आसमान घने बादलों से घिरने लगा।
इस दौरान कई जगह तेज हवा भी चलने लगी। बिजली चमकने और गरजने के साथ कुछ स्थानों पर बारिश भी हुई। बादलों के चलते रोशनी काफी कम हो गई और अंधेरा सा छाने लगा। काफी देर तक इसी तरह का मौसम बना रहा। कुछ देर बाद एक बार फिर मौसम साफ होने लगा और बादल पूरी तरह छंट गए। दोपहर बाद ज्यादातर इलाकों में फिर धूप निकल आई जो शाम तक रही। रात के समय कुछ जगह एक बार फिर बादल आए हल्की बारिश भी हुई।
राजधानी में ऐसे बदला तापमान
सुबह धूप खिलने पर मौसम में सामान्य गर्मी रही। इस दौरान सुबह साढ़े आठ बजे अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम में बदलाव से तापमान में चार डिग्री से ज्यादा की कमी आई और सुबह 11.30 बजे तापमान 24.2 हो गया। इसके बाद भी मौसम में ठंडक जारी रही और दो डिग्री की कमी के साथ ढाई बजे तापमान 20.8 डिग्री तक गिर गया। इसके बाद एक बार फिर धूप खिलने से तापमान में बढ़ोतरी हुई और शाम साढ़े पांच बजे दून का तापमान 24.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।