राजधानी व आसपास के क्षेत्र में मंगलवार को हुई हल्की बारिश से तापमान में बड़ी गिरावट आई है। दिनभर बादल छाये रहने और बीच-बीच में हल्की बारिश के बाद दून का अधिकतम तापमान 37 से लुढ़ककर 25.4 डिग्री तक पहुंच गया। तापमान में आई गिरावट से लोगों को गर्मी और उमस से खासी राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को भी हल्की बारिश और बादल छाये रहने से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
दूनघाटी में मंगलवार सुबह से ही बादल छाये रहे। सुबह एक से दो दौर की हल्की बारिश से मौसम में ठंडक बढ़ गई। लगभग पूरे दिन राजधानी और आसपास के इलाकों में बादल छाये रहे। कुछ इलाकों में दोपहर और शाम के समय हल्की बूंदाबांदी भी हुई। इससे दून के अधिकतम तापमान में 11.6 डिग्री की कमी दर्ज की गई। ठंडक बढ़ने से लोगों ने राहत की सांस ली।
चमोली जिले में सुबह से छाए बादल दोपहर बाद बरस पड़े। बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब की ऊंची चोटियों पर आंशिक बर्फबारी हुई। जोशीमठ, गोपेश्वर, पीपलकोटी, घाट, पोखरी, नंदप्रयाग, गैरसैंण, नारायणबगड़, गौचर, कर्णप्रयाग थराली, देवाल, आदिबदरी, नौटी, नंदासैंण, सिमली, लंगासू, ईडाबधाणी में बारिश हुई।
रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ धाम और ऊंची पहाड़ियों पर सुबह आठ बजे शुरू हुई हल्की बर्फबारी अपराह्न तीन बजे तक जारी रही। केदारनाथ में लगभग ढाई इंच तक नई बर्फ जम गई है। निचले क्षेत्रों में बारिश से मौसम सुहावना हो गया है।
उत्तरकाशी में सुबह से ही रुक-रुक कर शुरू हुआ बारिश का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। इससे तापमान में काफी गिरावट आ गई है। जिले का अधिकतम तापमान 22 और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।