फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Uttarakhand Rains Live: दारमा घाटी में फंसे 80 से ज्यादा पर्यटक, सरकार से लगाई रेस्क्यू की गुहार

Wed, 20 Oct 2021 06:44 PM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नैनीताल

खास बातें

Uttarakhand Rain and Floods Today Live Updates: सोमवार और मंगलवार को आई आपदा में सबसे ज्यादा नैनीताल जिला प्रभावित हुआ है। कई जगहों पर मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं और कुछ के हताहत होने की भी खबर है। सड़क बंद होने से कई जगह लोग फंस गए हैं। 
विज्ञापन
दारमा घाटी में फंसे पर्यटक - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:41 PM, 20-Oct-2021

दारमा घाटी में फंसे 80 से ज्यादा पर्यटक

बारिश से रास्ता बंद होने के कारण दारमा घाटी के ग्राम दुग्तु और दान्तु में कोलकाता के करीब 80 यात्री फंस गए हैं। यात्रियों ने सरकार से हेलीकॉप्टर भेजकर रेस्क्यू की गुहार लगाई है। महिला पर्यटक के अनुसार वे वहां घूमने गए थे लेकिन अचानक बारिश के कारण रास्ता बंद हो गया। मौसम की वजह से उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़र ही है।
 

04:57 PM, 20-Oct-2021

एक ही परिवार के चार लोगों के शव बरामद

मंगलवार की देर रात करीब 9 बजे भारी बारिश के के साथ आए मलबे की चपेट में आने से चंपावत के लोहाघाट ब्लॉक के नेपाल सीमा से लगे सुल्ला गांव के एक ही परिवार के चार लोग मलबे में दब गए थे। रेस्क्यू टीम ने चारों के शव बुधवार शाम को बरामद कर लिए हैं। मृतकों की पहचान कैलाश सिंह (32) पुत्र कुंवर सिंह, चंचला देवी (28) पत्नी कैलाश सिंह, रोहित सिंह (12) और  भुवन सिंह (8) पुत्र कैलाश सिंह के रूप में हुई है। 

04:49 PM, 20-Oct-2021

सीएम धामी ने चंपावत में नुकसान की जानकारी ली

चंपावत पहुंचे सीएम पुष्कर सिं धामी ने वहां आपदा से हुए नुकसान और राहत बचाव के काम की जानकारी ली। साथ ही अधिकारियों को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए।

विज्ञापन
03:47 PM, 20-Oct-2021

पिछले दो दिनों में राज्य में भारी बारिश के बाद नैनीताल के मुख्य बाजार में बुधवार को भी जलभराव की स्थिति बनी रही। हालांकि नैनीताल झील का जलस्तर अब काफी कम हो गया है। वहीं भारी बारिश और भूस्खलन के कारण नैनीताल में फंसे पर्यटकों ने आरोप लगाया है कि टैक्सी चालक उनसे सामान्य से अधिक किराया वसूल रहे हैं।

02:41 PM, 20-Oct-2021

कर्णप्रयाग में देर रात भूस्खलन, दो लोग लापता

चमोली जिले की कर्णप्रयाग तहसील के डूंगरी गांव में मंगलवार रात भूस्खलन की घटना के बाद से दो लोग लापता हो गए हैं। स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन एजेंसियों द्वारा बचाव अभियान जारी है।

विज्ञापन
02:17 PM, 20-Oct-2021

500 पर्यटकों एवं यात्रियों को सुरक्षित निकाला

बुधवार दोपहर बाद कैंची से भवाली तक मार्ग छोटे वाहनों के लिए खोल दिया गया है। यहां से अभी तक कुल 150 वाहनों में लगभग 500 पर्यटकों एवं यात्रियों को सुरक्षित निकाला लिया गया है।

01:55 PM, 20-Oct-2021

राहुल गांधी से मिले हरीश रावत, उत्तराखंड के हालातों की जानकारी दी

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस महासचिव हरीश रावत ने बुधवार को राहुल गांधी से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि वह राहुल गांधी से उत्तराखंड की बात करने गए थे। राज्य में चुनाव होने हैं और वर्तमान में प्राकृतिक आपदा ने तबाही ला दी है। हरीश रावत ने कहा वह कांग्रेस अध्यक्ष से भी मिलेंगे।

01:50 PM, 20-Oct-2021

नैनीताल में बुधवार को मलबे से बरामद हुए चार शव, कुल मृतकों की संख्या हुई 50

नैनीताल जिले में कैंची धाम के पास घर में दबी हुई रिचा उम्र 21 साल व अभिषेक उम्र 18 साल के शव पुलिस द्वारा निकाल लिए गए हैं। पंचायत नामा की कार्रवाई की जा रही है। वहीं बोहरा कोट रामगढ़ में दो व्यक्ति संभू दत्त डालाकोटी उम्र 70 साल बसंत डालाकोटी साल 59 साल के शवों को पुलिस व एनडीआरएफ की टीम द्वारा मलबे से निकाल लिया गया है। यहां भी पंचायत नामा की कार्रवाई चल रही है।

01:25 PM, 20-Oct-2021

हमारी पहली प्राथमिकता सड़क खोलने को लेकर

आपदा प्रबंधन सचिव एसए मुरुगेशन ने बताया है कि बुधवार को कहीं भी बारिश की कोई सूचना नहीं है। हमारी पहली प्राथमिकता सड़क खोलने को लेकर है। आज भी किसी अनहोनी की सूचना नहीं है। वहीं नैनीताल जिले में आपदा से 8342 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।

01:22 PM, 20-Oct-2021

मुख्यमंत्री धामी ने ट्रैक्टर पर सवार होकर किया बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऊधमसिंहनगर जिले में ट्रैक्टर पर सवार होकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पीड़ितों से बात भी की।

01:03 PM, 20-Oct-2021

नैनीताल में छह लोग मलबे में दबे, वायु सेना के तीन हेलीकॉप्टरों में जवान रवाना

नैनीताल के ओखलकांडा ब्लॉक के थलाड़ी में एक मकान में दबे छह लोगों की खोजबीन के लिए धारी एसडीएम योगेश मेहरा और भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा को लेकर हेलीकॉप्टर ने दोबारा उड़ान भरी है। अभी तक एसडीएम और विधायक सहित 12 एनडीआरएफ के जवान हेलीकॉप्टर से थलाड़ी पहुंचाए गए हैं। तीसरा हेलीकॉप्टर सात एनडीआरएफ जवानों को लेकर थलाड़ी के लिए रवाना हो गया है। यह जानकारी नोडल अधिकारी हरवीर सिंह ने दी है।

12:56 PM, 20-Oct-2021

हरिद्वार में ग्रामीण क्षेत्रों की ओर जाने लगा बाढ़ का पानी

बुधवार को हरिद्वार में लक्सर के खानपुर क्षेत्र में बनाए गए बंधाें पर बाढ़ का पानी ग्रामीण क्षेत्र की तरफ जाने लगा। इस सूचना पर एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और बंधाें को मिट्टी आदि लगाकर दुरुस्त किया गया। इसके साथ ही क्षेत्र में गश्त कर यह भी देखा गया कि कोई भी व्यक्ति गंगा में तो नहीं फंसा हुआ है। इंस्पेक्टर एनडीआरएफ राज किशोर ने बताया कि बुधवार को भी गंगा क्षेत्र में गश्त कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया गया।

12:20 PM, 20-Oct-2021

चुकुम गांव में दस मकान बहे

रामनगर में चुकुम गांव में लगातार भू-कटाव के कारण दस मकान बह गए। लोग अन्यत्र शरण के लिए मजूबर हैं। प्रशासन की ओर से सुध नहीं ली जा रही है। कोसी नदी का पानी गांव की ओर बह रहा है, जिससे ग्रामीणों में दशहत व्याप्त है। 

11:55 AM, 20-Oct-2021

रुद्रपुर: हंसली नदी पर बना पुल टूटा, बाढ़ के हालात, कई मकान क्षतिग्रस्त

वहीं रुद्रपुर के पुलभट्टा क्षेत्र में हंसली नदी का पुल टूट गया है। जिससे यहां दर्जनों मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। बैराज के दो गेट भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। वहीं हसंली नदी में एक व्यक्ति डूब गया है। जिसकी खोजबीन में एनडीआरएफ की टीम लगी है।

11:46 AM, 20-Oct-2021

क्वेराला नदी पर स्थित झूला पुल का रास्ता टूटा, कई गांवों का संपर्क टूटा

चंपावत जिले की ग्राम पंचायत दियूरी तोक बेलखेत में क्वेराला नदी पर स्थित झूला पुल की ओर जाने वाला रास्त टूट गया है। जिससे यहां बेलखेत सहित अन्य पांच-छह गांवों का संपर्क पूरी तरह टूट चुका है।

11:29 AM, 20-Oct-2021

सभी जिलाधिकारियों को राहत कोष के रूप में 10-10 करोड़ रुपये मंजूर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा के मद्देनजर सभी जिलाधिकारियों को राहत कोष के रूप में 10-10 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। ताकि वह तत्काल सभी व्यवस्थाएं कर सकें। मुख्यमंत्री ने कहा है कि सड़कों से मलबा साफ करने के लिए युद्धस्तर पर काम किया जा रहा है। फंसे हुए पर्यटकों को सुरक्षित बचाया जा रहा है। चारधाम यात्रा भी धीरे-धीरे सामान्य हो रही है।

11:16 AM, 20-Oct-2021

बुधवार को नदियों का जलस्तर हुआ कम

बुधवार का हरिद्वार में गंगा का जलस्तर कम हो गया है। वहीं हल्द्वानी में काठगोदाम में और गौला बैराज में गौला नदी का जलस्तर कम हो गया है।

11:09 AM, 20-Oct-2021

हर्षिल में ट्रेकिंग दल फंसा, राहत-बचाव के लिए वायु सेना का हेलीकॉप्टर रवाना

उत्तरकाशी के हर्षिल में ट्रेकिंग दल के फंसे होने की सूचना है। इस दल में सात से आठ लोग बताए जा रहे हैं। दल को सुरक्षित निकालने के लिए पंतनगर से वायु सेना का हेलीकॉप्टर एसडीआरएफ के तीन जवानों को लेकर हर्षिल के लिए रवाना हो गया है। वायु सेना के हेलीकॉप्टरों के लिए नियुक्त नोडल अधिकारी आरएफसी हरवीर सिंह ने बताया की हर्षिल के पास ट्रेकिंग दल के फंसे होने की सूचना है। इसलिए हेलीकॉप्टर को हर्षिल के लिए भेजा गया है।

10:43 AM, 20-Oct-2021

उत्तरकाशी में ट्रेकर लापता, खोजबीन जारी

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में कुछ ट्रेकरों के लापता होने की सूचना है। जिसके बाद से स्थानीय पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया है। पर्यटक की खोजबीन के लिए टीम भेजी जा रही है।

10:27 AM, 20-Oct-2021

बर्फबारी के चलते भारत-चीन सीमा पर तीन पोर्टर लापता

उत्तराखंड के उत्तरकाशी से लगी भारत-चीन सीमा पर तीन पोर्टरों के लापता होने की सूचना है। तीनों पोर्टर भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की टीम के साथ सीमा पर लंबी दूरी गश्त के लिए रवाना हुए थे। जो वापसी के दौरान रास्ता भटक गए। बर्फबारी होने से मंगलवार देर शाम तक भी इन पोर्टरों का कोई पता नहीं चल पाया। जिसके बाद आईटीबीपी ने इन पोर्टरों को तलाशने के लिए वायु सेना और राज्य आपदा प्रबंधन से मदद मांगी है। बुधवार की सुबह 20-20 आईटीबीपी जवानों की टीम खोज-बचाव के लिए रवाना हुई है।

10:08 AM, 20-Oct-2021

सेना का हेलीकॉप्टर एनडीआरएफ के जवानों को लेकर ओखलकांडा रवाना

सेना का हेलीकॉप्टर एनडीआरएफ के छह जवानों को लेकर ओखलकांडा के थलाड़ी के लिए रवाना हो चुका है। प्रशासन सहित 20 लोगों की टीम को भी हेलीकॉप्टर से भेजा जा रहा है।

09:57 AM, 20-Oct-2021

मकान में दबे छह लोगों की खोजबीन के लिए एनडीआरएफ की टीम रवाना

नैनीताल के ओखलकांडा ब्लॉक के थलाड़ी में एक मकान में दबे छह लोगों की खोजबीन के लिए धारी एसडीएम योगेश सिंह के नेतृत्व में एनडीआरएफ की टीम राहत-बचाव अभियान चला रही है। एसडीएम ने बताया कि वह पंतनगर एयरपोर्ट से एनडीआरएफ की टीम के साथ हैलीकॉप्टर के सहारे धानाचूली के शशबनी में उतरेंगे। जहां से थलाड़ी पहुंचा जाएगा। एसडीएम ने बताया कि सड़क बंद और नेटवर्क न होने से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

09:49 AM, 20-Oct-2021

नैनीताल जिले में ये है सड़कों की स्थिति

हल्द्वानी-भीमताल रोड, भवाली-रामनगर-धानाचूली रोड और नैनीताल-काठगोदाम रोड यातायात के लिए खुली है। वहीं नैनीताल-भवाली रोड, मोहन-बेतालघाट रोड, खुटानी-पदमपुरी-धानाचूली रोड, ज्योलीकोट-भवाली रोड और काठगोदाम-हैड़ाखान रोड अभी भी बंद है।

09:45 AM, 20-Oct-2021

नैनीताल-कालाढूंगी मार्ग यातायात के लिए खुला

भारी बारिश के कारण मंगलवार को बाधित हुआ नैनीताल-कालाढूंगी मार्ग बुधवार को यातायात के लिए खोल दिया गया है। यहं जानकारी डीजीपी अशोक कुमार ने एएनआई न्यूज एंजेसी को दी है। वहीं मड हाउस के पास हल्द्वानी हाईवे भी यातायात के लिए खोल दिया गया है। हल्द्वानी-नैनीताल हाईवे दुपहिया वाहनों के लिये खुल गया है।

09:34 AM, 20-Oct-2021

चारधाम यात्रा हुई सुचारू, मौसम सामान्य होते ही पकड़ी रफ्तार

चारधाम यात्रा फिर से सुचारू हो गई है। मौसम सामान्य होते ही यात्रा ने रफ्तार पकड़ ली है। बुधवार से केदारनाथ धाम यात्रा भी शुरू हो गई है। हालांकि बदरीनाथ हाईवे बंद होने के कारण फिलहाल बदरीनाथ यात्रा शुरू नहीं हो सकी है। यमुनोत्री-गंगोत्री धाम यात्रा मंगलवार से शुरू हो चुकी है। बता दें कि खराब मौसम के चलते चारधाम यात्रा रोक दी गई थी।

09:23 AM, 20-Oct-2021

राजधानी दून में निकली चटक धूप, बुधवार को मौसम साफ

बुधवार को राजधानी देहरादून सहित अधिकतर इलाकों में मौसम साफ बना हुआ है। इससे लोगों ने राहत की सांस ली है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ और दक्षिणी पूर्वी हवाओं का असर अब न के बराबर है। उत्तराखंड के मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों में इसका प्रभाव सिर्फ 48 घंटे के लिए ही था। बुधवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री रहेगा।

09:13 AM, 20-Oct-2021

उत्तराखंड में आई आपदा में अभी तक 46 लोगों की मौत

सोमवार और मंगलवार को उत्तराखंड में आई आपदा में 46 लोगों की मौत हुई है। वहीं 12 लोग घायल हैं और 11 लोग लापता हैं। इस आपदा में नौ घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। नेचुरल डिजास्टर इंसीडेंट रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।


09:11 AM, 20-Oct-2021

आपदा प्रभावित इलाकों को हवाई मुआयना करेंगे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

आज बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आपदा प्रभावित इलाकों को हवाई मुआयना करेंगे। इससे पहले बुधवार को मुख्यमंत्री धामी ने हल्द्वानी स्थित काठगोदाम सर्किट हाउस में लोगों की समस्याएं सुनीं।

मुख्यमंत्री ने मंगलवार शाम रुद्रपुर क्षेत्र में जलभराव से हुए नुकसान का जायजा लिया था। उन्होंने आपदा में जान गंवाने वालों के परिजनों को चार लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा भी की। 

09:01 AM, 20-Oct-2021

आज शाम गृह मंत्री अमित शाह पहुंचेंगे उत्तराखंड

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार की शाम उत्तराखंड पहुंचेंगे। वह यहां आपदा को लेकर समीक्षा बैठक करेंगे और स्थिति का जायजा लेंगे। गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार को उत्तराखंड में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे।

08:50 AM, 20-Oct-2021

खाना देने के साथ ही पीड़ितों की मेडिकल जांच भी कर रही सेना

वर्तमान में डोगरा बटालियन की एक टुकड़ी अल्मोड़ा-गरमपानी मार्ग में, एक टुकड़ी खैरना में और एक टुकड़ी कैंची धाम में राहत का कार्य कर रही है। वहीं नैनीताल के खैरना में मार्ग बंद होने से 500 लोग बुधवार सुबह से फंसे हुए हैं।

फंसे हुए लोगों के लिए भोजन तैयार कर रहे जवान
सेना द्वारा इन्हें खाने का सामान दिया गया है। खैरना में स्थित स्कूल में सेना के जवान फंसे हुए लोगों के लिए भोजन तैयार कर रहे हैं। साथ ही में पीड़ित लोगों की मेडिकल जांच भी की जा रही है। 

सोमवार और मंगलवार को आई आपदा में सबसे ज्यादा नैनीताल जिला प्रभावित हुआ है। कई जगहों पर मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं और कुछ के हताहत होने की भी खबर है। स्थानीय प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ को बचाव कार्य में लगाया गया है। हालांकि, रुकावटों के कारण कई स्थानों पर पहुंच संभव नहीं हो पा रही है।

08:34 AM, 20-Oct-2021

उत्तराखंड में बारिश का कहर: दारमा घाटी में फंसे 80 से ज्यादा पर्यटक, सरकार से लगाई रेस्क्यू की गुहार

उत्तराखंड के नैनीताल जिले में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन से कई सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। जिस वजह से यहां आम नागरिक फंस गए हैं। वहीं आपदा की इस घड़ी में रानीखेत की 14 डोगरा बटालियन देवदूत बनकर उभरी है। अकेले कुमाऊं में प्रलयंकारी बारिश ने सोमवार रात और मंगलवार को भारी तबाही मचाई है।

भूस्खलन, मकान ढहने, पानी में दौड़ते करंट आदि से कुमांऊ में 37 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कुछ लोगों के गायब होने की भी आशंका जताई जा रही है। नैनीताल में 27, अल्मोड़ा में नौ और चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और ऊधमसिंह नगर में एक-एक व्यक्ति की आपदा में मौत हुई है। पूरे उत्तराखंड में आपदा से 46 लोगों की मौत हुई है। वहीं आज बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आपदा प्रभावित इलाकों को हवाई मुआयना करेंगे।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने मंगलवार शाम रुद्रपुर क्षेत्र में जलभराव से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने आपदा में जान गंवाने वालों के परिजनों को चार लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा भी की। कहा कि आपदा में जिन लोगों के मकान टूटे हैं, पर्वतीय क्षेत्रों में उन्हें एक लाख नौ हजार और मैदानी क्षेत्रों में 95 हजार की मदद दी जाएगी। जिन लोगों के घरों में पानी घुसकर सामान बहा है, उन्हें पांच हजार रुपये दिए जाएंगे। आपदा में कृषि को भी काफी नुकसान पहुंचा है, इसका आकलन किया जा रहा है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें