गढ़वाल में शुक्रवार को मौसम ने करवट बदली। केदारनाथ में रुक-रुककर हल्की बारिश के साथ बर्फ की फुहारें गिरी। बदरीनाथ धाम में बारिश के साथ ऊंची चोटियों पर हिमपात हुआ। इससे दोनों धामों में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। हेमकुंड साहिब में बर्फबारी से पैदल ट्रैक को खोलने का कार्य भी दिनभर प्रभावित रहा।
केदारनाथ में शुक्रवार को सुबह से आसमान में घने बादल छाए रहे। दिन चढ़ने के साथ सुबह आठ बजे से शुरू हुई हल्की बारिश रुक रुककर दिनभर जारी रही। दोपहर ढाई बजे के करीब बर्फ की फुहारें भी गिरी। हल्का कोहरा छाने से हेलीकॉप्टर सेवा भी प्रभावित हुई। धाम में अधिकतम तापमान 11 और न्यूनतम पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया
उधर, बदरीनाथ धाम में शुक्रवार को तड़के से शुरू हुई बारिश दोपहर बाद थमी। नीलकंठ, नर-नारायण पर्वत के साथ ही हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, रुद्रनाथ, लाल माटी, त्रिशूल पर्वत, नंदा घुघटी के साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। बर्फबारी से हेमकुंड साहिब के पैदल ट्रैक को खोलने का कार्य भी दिनभर प्रभावित रहा। हेमकुंड साहिब क्षेत्र में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जिससे सेना के जवानों और पंजाब से पहुंचे सेवादारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।