गुरुवार की तरह शुक्रवार को भी देहरादून में बादल छाए रहे। बढ़ती ठंड को देखते हुए जिलाधिकारी ने निर्धारित स्थानों पर अलाव की व्यवस्था के निर्देश दिए हैं। उन्होंने नगर निगम और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय निकायों के माध्यम से अलाव के लिए जरूरी लकड़ियों का प्रबंध करने को कहा है।
जिलाधिकारी ने बेघरों और फुटपाथ पर सोने वालों को रैन बसेरों में शिफ्ट करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधीनस्थों को इस व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए रखने को भी कहा है। ताकि, शहर में किसी प्रकार की कोई अनहोनी न हो। उन्होंने नगर निगम और तहसील प्रशासन को रात में भी फुटपाथों का भ्रमण करने के निर्देश दिए, ताकि यहां सोने वाले लोगों को रैन बसेरे में भेजना सुनिश्चित कराया जा सके।
गुरुवार को दिनभर मौसम खराब रहा और नौटी, नंदासैंण, बेनीताल, चौरासैंण, छांतेश्वर सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी और बारिश हुई। कई पर्यटक बीच बर्फबारी के कारण गंतव्य तक नहीं पहुंच सके।
देवाल क्षेत्र में बुधवार की रात से हो रही लगातार बारिश व बर्फबारी से रूपकुंड, वेदनी, बगजी व आली बुग्याल, भींकलताल, ब्रह्मताल और बर्फ से ढक गए हैं।
बर्फबारी से भींकलताल व ब्रह्मताल जाने वाले पर्यटक लोहाजंग से आगे नहीं बढ़ पाए। लोहाजंग, वांण, कुलिंग, दीदना, घेस, पिनाऊ, बांक में भी बर्फबारी हुई। पूरा क्षेत्र शीतलहर की चपेट में है। दिल्ली, हैदराबाद, बंगलूरू आदि शहरों से पहुंचे पर्यटकों को भींकलताल व ब्रह्मताल जाना था, लेकिन लगातार बर्फबारी से पर्यटक लोहाजंग से आगे नहीं बढ़ पाए।
गुरुवार को चमोली जिले में लगातार तीसरे दिन भी बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब, रुद्रनाथ, नंदा घुंघटी के साथ ही माणा और नीती घाटी में जमकर बर्फबारी हुई। बर्फबारी से जोशीमठ-औली, जोशीमठ-मलारी और गोपेश्वर-मंडल-ऊखीमठ मोटर मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। बदरीनाथ धाम में करीब पांच इंच और हेमकुंड साहिब में एक फीट तक ताजी बर्फ जम गई है।
उत्तरकाशी जिले में दोपहर बाद यमुनोत्री, गंगोत्री धाम सहित हर्षिल, मुखबा, धराली, सुक्की, खरसाली व हरकीदून वैली में बर्फबारी और निचली घाटियों में रिमझिम बारिश हुई, जिससे जिले में ठंड बढ़ गई है। रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ समेत मद्महेश्वर, तुंगनाथ और चोपता समेत ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई।
केदारनाथ में रुक-रुककर पूरे दिन बर्फबारी जारी रही। शाम तक यहां आठ इंच नई बर्फ जम चुकी थी। धाम में पहले से ही पांच फीट से अधिक बर्फ है। तापमान अधिकतम चार और न्यूनतम माइनस 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।