फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Uttarakhand Weather: अभी और सताएगी कड़ाके की सर्दी, मैदानी इलाकों में आज शीत लहर और घने कोहरे के आसार

Wed, 19 Jan 2022 11:57 AM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal संवाद न्यूज एजेंसी, रुड़की

सार

हरिद्वार में 22 जनवरी को 30 मिलीमीटर और देहरादून एवं पौड़ी गढ़वाल में 21 जनवरी को 5 मिलीमीटर एवं 22 जनवरी को क्रमश: 35 व 20 मिलीमीटर बरसात होने का पूर्वानुमान है।
विज्ञापन
हल्द्वानी में सुबह छाया रहा कोहरा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम का मिजाज एक बार फिर करवट ले रहा है। इसके चलते राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में 21 से 23 जनवरी तक बारिश के साथ बर्फबारी के आसार हैं। मौसम में आए बदलाव के चलते मंगलवार को चमोली समेत कई पर्वतीय इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी हुई। वहीं बुधवार को सुबह देहरादून में दस बजे बाद सूर्य देव के दर्शन हुए। लेकिन बाद में मौसम फिर खराब हो गया। इसी प्रकार मैदानी इलाकों में कोहरा और बादल छाए रहे। चमोली जिले सहित रुद्रप्रयाग के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हुई है। राज्यभर में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है।

विज्ञापन


पूरे राज्य में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी बिक्रम सिंह के मुताबिक 21 जनवरी से एक बार फिर पूरे राज्य में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। इसके चलते 21 से लेकर 23 जनवरी तक मैदानी क्षेत्रों में राजधानी दून समेत तमाम जिलों में झमाझम बारिश हो सकती है। वहीं कुमाऊं और गढ़वाल के पर्वतीय इलाकों में बारिश के साथ जोरदार बर्फबारी के आसार हैं। पश्चिमी विक्षोभ 21 से लेकर 23 जनवरी शाम तक सक्रिय रहेगा। फिलहाल राज्य के पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी और बारिश स्थानीय हवाओं के दबाव के चलते हो रही है। 

अगले 24 घंटे में उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग चमोली पिथौरागढ़ जैसे जिलों में बारिश के साथ ही तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में एक बार फिर बर्फबारी होने की पूरी संभावना है। राजधानी दून व आसपास के इलाकों में आसमान में बादल छाए रहेंगे। इससे जबरदस्त ठंड रहेगी। वहीं मंगलवार को राजधानी दून व आसपास के इलाकों में कई दिनों के बाद पूरे दिन धूप निकली रही। धूप निकलने से लोगों ने ठंड से राहत की सांस ली।
विज्ञापन


बागेश्वर में लगे भूकंप के झटके
बागेश्वर जिले में मंगलवार सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि सुबह छह बजकर 17 मिनट पर भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 2.5 मापी गई है। भूकंप से किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है। 

विज्ञापन

मैदानी इलाकों में आज शीत लहर और घने कोहरे के आसार

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार हरिद्वार, देहरादून और पौड़ी गढ़वाल जनपद में 21 व 22 जनवरी को हल्की से मध्यम बरसात होने की संभावना है।

आईआईटी रुड़की के जल संसाधन विकास एवं प्रबंधन विभाग में संचालित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा परियोजना के नोडल अधिकारी प्रो. आशीष पांडेय ने बताया कि हरिद्वार में 22 जनवरी को 30 मिलीमीटर और देहरादून एवं पौड़ी गढ़वाल में 21 जनवरी को 5 मिलीमीटर एवं 22 जनवरी को क्रमश: 35 व 20 मिलीमीटर बरसात होने का पूर्वानुमान है। वहीं 19 जनवरी को हरिद्वार के मैदानी भागों में कुछ स्थानों पर घना कोहरे और शीत लहर चल सकती है।

वहीं बहादराबाद, भगवानपुर, खानपुर, लक्सर, नारसन और रुड़की ब्लॉक में भगवानपुर ब्लॉक में 21 जनवरी को बूंदाबांदी हो सकती है। 22 जनवरी को बहादराबाद ब्लॉक में 30 मिलीमीटर, भगवानपुर और खानपुर ब्लॉक में 40 मिलीमीटर, लक्सर ब्लॉक में 42 मिलीमीटर, नारसन ब्लॉक में 50 मिलीमीटर व रुड़की ब्लॉक में 43 मिलीमीटर बरसात का पूर्वानुमान है। पूर्वानुमान के आधार पर रुड़की, नारसन और खानपुर ब्लॉक में 22 जनवरी को 50 से 75 प्रतिशत तक बरसात होने की संभावना है जबकि बहादराबाद, भगवानपुर, लक्सर ब्लॉक में बरसात होने की संभावना 25 से 50 प्रतिशत तक है। 

परियोजना के तकनीकी अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मौसम विभाग द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुसार कोल्ड डे की स्थिति की घोषणा तब की जाती है जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम हो और अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.4 डिग्री सेल्सियस कम हो।

इसके अलावा जब मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस या उससे कम हो जाता है तो शीतलहर के पूर्वानुमान की सूचना दी जाती है। आगामी मौसम पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए डॉ. श्रीवास्तव ने किसान भाइयों को सलाह दी है कि किसान भाई गेहूं, गन्ना, सरसों, मटर, आलू और चारा फसलों की सिंचाई न करें। 23 जनवरी तक सब्जियों व अन्य फसलों पर कीटनाशकों व उर्वरकों का प्रयोग करने से बचें। पशुओं का भी ध्यान रखें। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें