उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बुधवार को भी मौसम खराब रहा। दोपहर बाद उत्तरकाशी की यमुनोत्री घाटी में मौसम खराब हो गया और बादल छा गए। वहीं देहरादून में चटख धूप ने गर्मी बढ़ा दी है।
मंगलवार को भी जहां एक ओर मैदानी इलाकों में चटख धूप खिली रही तो वहीं पहाड़ों पर बर्फबारी, बारिश और ओलावृष्टि हुई थी। चमोली जिले में बदरीनाथ, हेमकुंड, रुद्रनाथ सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई थी।
घनसाली में तेज तूफान के साथ झमाझम बारिश और ओलावृष्टि हुई थी। वहीं मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के लगभग सभी हिस्सों में अगले चार-पांच दिनों के दौरान गर्मी बढ़ सकती है। उधर, पहाड़ों की रानी मसूरी में भी मौसम ने करवट बदली। देर शाम को मसूरी में बारिश और ओलावृष्टि हुई। इससे तापमान में भी गिरावट दर्ज हुई।
गुरुवार को भी कुछ जगह छिटपुट बारिश के आसार
प्रदेश के कुछ इलाकों में आज छिटपुट बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है। मौसम केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार कुछ पर्वतीय इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने का भी अनुमान है। मौसम केंद्र निर्देशक बिक्रम सिंह ने बताया कि अगले कुछ दिन अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। इससे दिन के समय गर्मी बढ़ने का अनुमान है।