गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर बर्फ हटाने का काम जोरों पर
गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर भैरव गदेरा और कुबेर गदेरा के समीप हिमखंडों से खिसकी टनों बर्फ को साफ करने का कार्य जोरों पर है। जिलाधिकारी ने यात्रा से जुड़े विभागों के अधिकारियों को 15 अप्रैल तक हरहाल में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण-लोनिवि के अधिशासी अभियंता सुरेंद्र रावत और सहायक अभियंता सुरेंद्र रावत ने बताया कि 20 फरवरी से पैदल मार्ग पर बर्फ सफाई का काम शुरू किया गया था। बीते 12 मार्च को रास्ते को घोड़ा-खच्चरों के साथ ही पैदल आवाजाही के लिए खोल दिया गया था लेकिन पिछले दो सप्ताह से आए दिन मौसम खराब होने व बर्फबारी के कारण स्थिति पूर्ववत जैसी बनी है। दूसरी तरफ पैदल मार्ग पर गौरीकुंड से लिनचोली के बीच क्षतिग्रस्त पुश्ते, सुरक्षा दीवार व रेलिंग की मरम्मत का कार्य किया जा रहा है।