मौसम केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार मैदानी इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा भी छाया रह सकता है। प्रदेश के कुछ पहाड़ी जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं, निचले इलाकों में बादल छाये रहेंगे। मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों के अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिर सकती है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
उच्च हिमालयी क्षेत्र में बर्फबारी और कड़ाके की सर्दी का असर शारदा नदी पर पड़ रहा है। पानी जमने से नदी में शुक्रवार सुबह सिर्फ 4,425 क्यूसेक पानी था। इस कारण खटीमा स्थित लोहियाहेड पावर हाउस की तीन में से मात्र एक ही टरबाइन चली और मात्र 15 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो सका।
लोहियाहेड पावर हाउस के डीजीएम महकार सिंह ने बताया कि पावर हाउस की तीनों टरबाइनों को पूरी क्षमता 10,500 क्यूसेक पानी मिलने पर यहां 45 मेगावाट से अधिक बिजली का उत्पादन होता है। शुक्रवार को सिर्फ टरबाइन संख्या एक के ही चक्के धूम पा पाए और मात्र 15 मेगावाट बिजली उत्पादन हुआ। उन्होंने फरवरी मध्य के बाद ही स्थिति में सुधार की उम्मीद जताई।