फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तराखंड: मैदान में सुबह से छाया कोहरा, पिथौरागढ़, देवाल और थराली में फिर हुई बर्फबारी

Sat, 01 Feb 2020 11:28 PM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
- फोटो : फाइल फोटो
विज्ञापन

प्रदेश के ज्यादातर पहाड़ी जिलों में आज बारिश और बर्फबारी हो सकती है। मैदान से लेकर पहाड़ तक कोहरा छाया हुआ है। मौसम केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है।

विज्ञापन


गढ़वाल से लेकर कुमाऊं तक कई जिलों में कोहरा छाया हुआ है। पिथौरागढ़ के नाचनी में कोहरे के साथ ही हिमकण भी गिरे। देहरादून से लेकर मसूरी तक भी सुबह से कोहरा छाया रहा। इससे तापमान में गिरावट आई और ठंड बहुत अधिक बढ़ गई। जगह-जगह लोगों ने अलाव सेंककर ठंड से राहत पाई। अगले 24 घंटों के दौरान आसपास के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश व बर्फबारी हो सकती है। 

ऊंचाई वाले इलाकों में हुई बर्फबारी वन्य जीवों की जान पर भारी पड़ रही है। ठंड से बचने और भोजन की तलाश में वन्य जीव निचले इलाकों में आ रहे हैं। ऐसे में आवारा कुत्ते उनको अपना शिकार बना रहे हैं। वन विभाग अब तक घायल हुए चार वन्य जीवों का उपचार कर उन्हें जंगल में छोड़ चुका है, जबकि तीन की मौत हो चुकी है। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरएस राणा का कहना है जख्मी वन्य जीवों का उपचार किया जा रहा है। वन क्षेत्राधिकारी धीरेश चंद्र बिष्ट का कहना है कि अभी तक ऐसे सात वन्य जीवों का उपचार किया गया, जिसमें तीन की मौत हो गई।

विज्ञापन

देवाल और थराली में फिर हुई बर्फबारी

शनिवार सुबह हुई बारिश और बर्फबारी से देवाल ब्लॉक के हिमालयी क्षेत्र के गांव बर्फ से ढक गए। मुख्य पर्यटन स्थल रूपकुंड, वेदनी, आली बुग्याल, बगजी, ब्रह्मताल, बगुवावासा, आयजनटॉप में लगातार बर्फबारी जारी है।

घेस, बलांण, हिमनी, पिनाऊं, वांण, दीदना, वांक, कुलिंग, लोहाजंग, सौरीगाड़, तोरती, रामपुर सहित 25 से अधिक गांवों में छठवीं बार बर्फबारी हुई। सवाड़, मुंदोली, सूया, हरनी, मेलमिंडा आदि गांवों में भी बर्फबारी होने से देवाल ब्लॉक शीतलहर की चपेट में हैं। रूपकुंड सहित क्षेत्र के सभी पर्यटन स्थल तीन से चार फीट बर्फ से ढक गए। 

थराली सहित आस-पास के क्षेत्रों में बारिश हुई और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात हुआ है। पहले से ही थराली के 20 से अधिक गांव बर्फ से ढके हैं। कोलपुड़ी, गेरूड़, गुमड़, ब्रहमताल, बूला, बमोटिया, रतगांव, रूईसाण आदि क्षेत्रों में इस सीजन में 14वीं बार बर्फबारी होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कर्णप्रयाग सहित आसपास के क्षेत्रों में सुबह धूप खिली रही और दोपहर बाद बादल छा गए। नौटी, नंदासैंण, चौरासैंण आदि गांवों में शीतलहर चली।

मुनस्यारी में सीजन की 15वीं बर्फबारी

शनिवार को एक बार फिर सीमांत जिले में मौसम खराब हो गया। मुनस्यारी में सीजन की 15वीं बर्फबारी हुई है। मुनस्यारी से कालामुनि तक का 20 किमी हिस्सा बर्फ से पट गया है। कनालीछीना क्षेत्र में भी जमकर बर्फ गिरी।  मुनस्यारी बाजार में आधा फीट बर्फ पड़ चुकी थी। बर्फबारी से मुनस्यारी का तापमान शून्य से नीचे चला गया है। नई बस्ती में एक फीट, बलाती, बेटुलीधार में ढाई फीट, कालामुनि तीन फीट बर्फ गिर चुकी थी।

शाम तक बर्फ गिरने का सिलसिला जारी था। मुनस्यारी में शनिवार को न्यूनतम तापमान माइनस 2 और अधिकतम तापमान 5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। पिथौरागढ़ नगर में न्यूनतम तापमान 1.9 और अधिकतम तापमान 10.8 रिकॉर्ड किया गया।  कनालीछीना के सतगढ़ समेत तमाम इलाकों में बर्फ गिरी। पिथौरागढ़ के साथ ही नाचनी में भी हिमकण गिरे।

कई जगह बारिश हुई। मुनस्यारी सड़क पांचवें दिन भी बंद रही। धारचूला से मिली जानकारी के अनुसार तवाघाट-नारायण आश्रम मार्ग बर्फ के कारण बंद हो गया है। इधर अल्मोड़ा में शनिवार सुबह मौसम साफ था, लेकिन दोपहर में बादल छा गए। शनिवार को न्यूनतम तापमान एक और अधिकतम 12 डिग्री सेल्सियस रहा।

शामा, बदियाकोट, पीनाकेश्वर में बर्फबारी 

कपकोट के बदियाकोट, शामा क्षेत्र और कौसानी की पीनाकेश्वर की पहाड़ी में शनिवार को बर्फबारी हुई, जबकि गरुड़ में ओले गिरे। बागेश्वर में शनिवार को सुबह कोहरा, दिन में हल्की धूप खिली तो शाम होते-होते आसमान बादलों से ढक गया।

कपकोट के बदियाकोट और शामा क्षेत्र में शाम करीब चार बजे हल्की बारिश और बर्फबारी हुई। बागेश्वर में शनिवार को न्यूनतम तापमान छह और अधिकतम 15 डिग्री रहा। गरुड़ तहसील क्षेत्र में कौसानी की पीनाकेश्वर और ग्वालदम की पहाड़ियों  में तेज बारिश के बीच  बर्फबारी हुई। पांडवखोली में दोपहर दो बजे ओलावृष्टि हुई।
विज्ञापन

गंगोत्री-यमुनोत्री व चमोली के कई इलाकों में फिर गिरी बर्फ

उत्तरकाशी जनपद में बारिश बर्फबारी का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है, जिससे पूरा जिला शीतलहर की चपेट में है। शनिवार दोपहर बाद बारिश बर्फबारी होने से जिले में ठंड बढ़ गई है। उधर, चमोली जिले के कई इलाकों में भी शनिवार को जमकर बर्फबारी हुई।

शनिवार दोपहर बाद गंगोत्री एवं यमुनोत्री धाम सहित हर्षिल, मुखबा, खरसाली, जानकीचट्टी, हरकीदून घाटी आदि ऊंचाई वाले इलाकों में जमकर बर्फबारी हुई, जबकि जिला मुख्यालय समेत निचले इलाकों में रिमझिम बारिश हुई। जिला मुख्यालय समेत निचली घाटी वाले क्षेत्रों में शनिवार को अधिकतम तापमान 9 डिग्री और न्यूनतम माइनस 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम में पारा अधिकतम माइनस 5 और न्यूनतम माइनस 12 डिग्री सेल्सियस रहा। तापमान में आई गिरावट और सर्द हवाएं चलने से जनपद में हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें