सर्द हवाओं ने देहरादून में आज तड़के से कंपकंपी छुड़ाए रखी। बादल छाए रहे। ठंड इतनी ज्यादा थी कि लोग घरों में दुबके रहे। अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। दोहपर एक बजे तक भी सूरज के दर्शन नहीं हुए।
गढ़वाल का मौसम
वहीं रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी, यमुनोत्री, श्रीनगर, ऋषिकेश, हरिद्वार, रुड़की, विकासनगर में बादल छाए हुए हैं। रुद्रप्रयाग और चमोली के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई जा रही है।
चमोली जिले में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। जिले के 106 गांवों में अभी भी विद्युत आपूर्ति ठप पड़ी है। जोशीमठ नगर में एक सप्ताह बाद विद्युत व्यवस्था सुचारू हुई है। विकासनगर में ठंड से पहाड़ से मैदान तक लोग बेहाल हैं। चकराता में बर्फबारी के बाद अब सड़कों पर पड़ा पाला दुश्वारियां बढ़ा रहा है। हरिद्वार और रुड़की में आज सुबह से बादल छाए हुए हैं। हल्का कोहरा होने से ठंड बढ़ी है। यहां दोपहर बाद तक धूप नहीं निकली, जिस कारण सर्दी का प्रभाव बना हुआ है।
कुमाऊं का मौसम
हल्द्वानी, नैनीताल, पंतनगर, रुद्रपुर, लोहाघाट, पिथौरागढ़ और काशीपुर में हल्के बादल छाए हैं। रामनगर में कोहरा छाया है। यहां पांच दिनों से सूर्य के दर्शन नहीं हुए हैं। वहीं भीमताल, चंपावत, चौखुटिया, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, गरुड़ और कौसानी में धूप खिली है।
पिछले दिनों हुई बर्फबारी से बंद पड़ा मुनस्यारी-थल मोटर मार्ग खोल दिया गया है। लेकिन सड़क से बर्फ ठीक तरीके से न हटने से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। यहां आज एक ट्रक मुनस्यारी आते हुए बेतटुलीधार और बलांति बैंड के बीच फंस गया। जिसे निकालने के लिए बड़ी मशक्कत करनी पड़ी।