हाईवे पर आवाजाही ठप, कई संपर्क मार्ग भी बंद
लोखंडी क्षेत्र में बर्फबारी से त्यूणी-चकराता-मसूरी-मलेथा हाईवे पर करीब डेढ़ से दो फीट तक बर्फ जम गई है। इससे मार्ग पर यातायात ठप हो गया है। इसके अलावा कई संपर्क मार्ग भी बर्फबारी से बंद हैं। लोनिवि ने हाईवे से बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया है।
चकराता से त्यूनी जाने वाले हाईवे के कोटी कनासर से दारनाधार तक लगभग 20 किलोमीटर का हिस्सा बर्फबारी के चलते बाधित हो गया। इससे बीस से अधिक गांवों का संपर्क तहसील और जनपद मुख्यालय से कट गया है। त्यूनी से विकासनगर जाने वाले यात्रियों को वाया मीनस होकर लंबा चक्कर काटकर यात्रा पूरी करनी पड़ रही है।
ये रास्ते हैं बंद
क्षेत्र के लोहारी, कोटी, रजाणु, त्यूना, मगटाड, बायला, बेगी, बुरायला, मशक, गोरछा, पिंगुवा, बिनसोन, सेंज, कुनैन सहित एक दर्जन से अधिक गांवों को जाने वाले संपर्क मार्ग बर्फबारी से बंद हैं।
लोनिवि ने दो जेसीबी मशीन भेजकर बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया है। खराब मौसम के कारण दिक्कत आ रही है। देर शाम तक मार्ग से बर्फ हटाकर यातायात सुचारु करा लिया जाएगा।
- राजेंद्र जोशी, सहायक अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग डोईवाला खंड