उत्तराखंड में मौसम में बदलाव के साथ ही ठंड में भी इजाफा हो गया है। केदारनाथ समेत द्वितीय केदार मद्महेश्वर व तृतीय केदार तुंगनाथ में 15 मिनट से लेकर आधा घंटे तक हल्की बर्फबारी होने से वहां ठंड बढ़ गई है।
जबकि निचले इलाकों में दिनभर सूरज व बादलों की आंखमिचौली होती रही। रविवार को केदारनाथ में सुबह से मौसम साफ रहा और धूप भी खिली रही। लेकिन दोपहर बाद 2 बजे अचानक घिरे घने बादलों के बीच कुछ देर बूंदाबांदी हुई और फिर बर्फबारी होने लगी।
लगभग आधा घंटे तक हुई हल्की बर्फबारी का धाम में मौजूद श्रद्धालुओं ने खूब आनंद लिया। लेकिन उसके बाद बढ़ी ठिठुरन के कारण सभी लोग कमरों में दुबक गए। जबकि दुग्ध गंगा, चोराबाड़ी व वासुकीताल के ऊपरी तरफ जमकर हिमपात हुआ।
केदारनाथ में इस सीजन की तीसरी बर्फबारी है, जिससे केदारपुरी में ठंड बढ़ गई है। मौसम खराब होने के कारण केदारनाथ जाने वाले यात्रियों को भी परेशानी हुई। इधर, जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग समेत जिले के अन्य इलाकों में सुबह से ही बादलों की आंखमिचौली होती रही। इस दौरान कई बार बारिश की संभावना भी बनी।
वही, बदरीनाथ धाम में पिछले कुछ दिनों से ठंड बढ़ गई है। रात के समय यहां का तापमान शून्य से नीचे पहुंच रहा है, जिससे धाम के नजदीक कई जगह पर पाला जमने लगा है। खासकर सुबह और शाम को धाम में हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। धाम में कई जगहों पर पौधों के ऊपर जमा पाला बेहद आकर्षक लग रहा है।
पिथौरागढ़ जिले की ऊंची चोटियों में हुआ हल्का हिमपात
मौसम ने रविवार को करवट बदली। आसमान में बादल छाये रहे। इस दौरान जिले की ऊंची चोटियों में हल्का हिमपात हुआ। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सुबह शाम ठिठुरन बढ़ गई है। रविवार को सुबह मौसम साफ रहा। दोपहर में हिमालयी क्षेत्र में आसमान बादलों से घिर गया।
इस दौरान छिपलाकेदार, राजरंभा, पंचाचूली सहित अन्य ऊंची चोटियों में हिमपात हुआ। कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हुई। पिथौरागढ़ सहित जिले के अन्य हिस्सों में दिन भर हल्के बादल छाए रहे। जिले के मुनस्यारी, डीडीहाट, धारचूला के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सुबह-शाम ठिठुरन होने लगी है। लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिए हैं।