आधे दिसंबर में कभी नहीं हुई इतनी गर्मी
दिसंबर में बारिश न होने की वजह से इस साल गर्मी भी नए रिकॉर्ड बना रही है। मंगलवार को दून का अधिकतम तापमान 26.0 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जबकि इससे पहले आधे दिसंबर में इतनी गर्मी कभी नहीं हुई। इससे पहले बीती आठ दिसंबर को भी दून में आठ साल बाद इतनी गर्मी देखने को मिली थी। यहां दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री इजाफे के साथ 27.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। दस साल के दिसंबर की बात करें तो किसी भी साल में 16 दिसंबर का अधिकतम तापमान इतना नहीं था।
चार दिन बाद बारिश-बर्फबारी के आसार
प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में आज से चार दिन बाद बारिश व बर्फबारी की संभावना जताई जा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 20 दिसंबर तक प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहेगा। जबकि 21 दिसंबर को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग व पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने के भी आसार हैं।