मलबा आने से चार राष्ट्रीय राजमार्ग सहित 127 सड़कें बंद
प्रदेश में बारिश आफत बनकर बरस रही है। बारिश के बाद मलबा आने से उत्तरकाशी जिले में ऋषिकेश-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग का 30 मीटर हिस्सा कुथनोर सिलाई बैंड के पास बह गया है। रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और चमोली जिले में भी राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हैं।
प्रदेश में रविवार को बारिश के बाद मलबा आने से 180 मार्ग बंद हो गए थे। इनमें से 53 मार्ग देर शाम तक वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिए गए। जबकि 127 सड़कें अब भी बंद हैं। इनमें राष्ट्रीय राजमार्गों में रुद्रप्रयाग जिले में ऋषिकेश-श्रीनगर-रुद्रप्रयाग राष्ट्रीय राजमार्ग सीरोंबगड में मलबा आने से पूरे दिन बंद रहा। पिथौरागढ़ में धारचूला-तवाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग और चमोली में मण्डल-चोपता-ऊंखीमठ राष्ट्रीय राजमार्ग बैरागना के पास बंद है। राजमार्ग सहित विभिन्न सड़कों के बंद होने से जगह-जगह यात्री फंसे हुए हैं। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बंद सड़कों को खोलने का प्रयास किया जा रहा है।
इन जिलों में इतनी सड़कें हैं बंद
उत्तरकाशी जिले में सात, टिहरी में 17, रुद्रप्रयाग में 14, पिथौरागढ़ में 14, पौड़ी में चार, नैनीताल में पांच, देहरादून में सात, चंपावत में छह, चमोली में 31, बागेश्वर में 21 व अल्मोड़ा में एक सड़क मलबा आने से बंद है।