शहर में दोपहर करीब दो बजे बरसने शुरू हुए बादलों ने दो घंटे में ही शहर की गलियों से लेकर सड़कों पर जलभराव कर दिया। कुछ लोगों के घरों और दुकानों में भी पानी भर गया। वहीं बारिश रुकने के कुछ समय बाद ही नाले और नालियां सामान्य हो गई। हालांकि इस दौरान लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
करीब दो बजे शहर में करीब दो घंटे तक झमाझम बारिश हुई। बारिश ने जहां एक ओर लोगों को उमस और गर्मी से राहत दिलाई वहीं दूसरी ओर शहर के कई इलाके तालाब में तब्दील हो गए। नालों में उफान आने के बाद बारिश का पानी घरों में घुस गया। दोपहर बाद तक सड़कों पर पानी भरा रहा। इससे लोगों की जहां दुश्वारियां बढ़ी, वहीं नालों की सफाई न होने को लेकर लोगों में नगर निगम के प्रति रोष भी दिखा।
गोपेश्वर: चट्टान कटिंग से लग रहा वाहनों का जाम
ऑलवेदर रोड परियोजना के तहत चमोली चाड़े पर इन दिनों चट्टान कटिंग का काम चल रहा है, जिससे लोगों को घंटों जाम का सामना करना पड़ रहा है। पिछले एक वर्ष से एनएचआईडीसीएल (राष्ट्रीय राजमार्ग एवं ढांचागत विकास निगम) की ओर से चाड़ा तोक में कटिंग की जा रही है।
यहां हार्ड रॉक होने के कारण कार्य में तेजी नहीं आ पा रही है। चट्टान कटिंग से यहां करीब 300 मीटर के हिस्से में सड़क बेहद संकरी हो गई है, जिससे दिनभर जाम की स्थिति बनी हुई है। सेना के ट्रकों की आवाजाही होने पर जाम मुश्किल से खुल पा रहा है। स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी से कुछ दिनों के लिए वाहनों की आवाजाही नंदप्रयाग-सैकोट-कोठियालसैंण सड़क से करवाने की मांग उठाई।