तेज बारिश के बीच कालसी-चकराता मोटर मार्ग पर जजरेट के पास एक बार फिर वाहनों की आवाजाही पर ब्रेक लग गया। सड़क पर करीब तीन घंटे तक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप रही। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सड़क खुलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
बृहस्पतिवार सुबह क्षेत्र में झमाझम बारिश हुई। क्षेत्र में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक बारिश का दौर जारी रहा। इस दौरान जजरेट के पास भूस्खलन से भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गिरा। इससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही पर ब्रेक लग गया। सड़क पर 12 बजे से शाम तीन बजे तक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप रही।
इस दौरान कई यात्री वाहन सड़क के दोनों ओर फंस गए। 40 गांवों की आबादी का संपर्क आपस में कट गया। बारिश थमने के बाद सड़क को खोलने का काम शुरू किया जा सका। लोनिवि साहिया के अधिशासी अभियंता डीपी सिंह ने बताया कि बारिश थमते ही सड़क को खोलने का काम शुरू कर दिया गया।
पालिका क्षेत्र की सड़कें जलमग्न
विकासनगर क्षेत्र में बृहस्पतिवार को हुई झमाझम बारिश के बीच नगर पालिका विकासनगर की सड़कें भी जलमग्न हो गईं। लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। क्षेत्र में करीब दो घंटे तक हुई झमाझम बारिश के बीच एक्सचेंज रोड, सिनेमा गली, 28 फीटा रोड, 12 फीटा रोड, पंजाबी कॉलोनी, देवी दत्त मार्ग क्षेत्र में जलभराव की समस्या पैदा हो गई। बारिश थमने के बाद जलनिकासी होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।