केदारनाथ समेत द्वितीय केदार मद़्महेश्वर व तुंगनाथ में बुधवार दोपहर बाद तेज बर्फबारी हुई। उधर, बदरीनाथ धाम में भी कड़ाके की ठंड के बावजूद 1823 तीथयात्रियों ने दर्शन किए।
केदारनाथ में लगभग आधे घंटे हुई बर्फबारी से लगभग एक इंच तक नई बर्फ जम गई है। उधर, द्वितीय केदार मद्महेश्वर व तृतीय केदार तुंगनाथ धाम में भी जमकर बर्फबारी हुई। इस दौरान धाम में अधिकतम तापमान 10 और न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियश दर्ज किया गया।
इधर, हरियाली डांडा, कालीशिला समेत अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी हिमपात हुआ है। जबकि निचले इलाकों में दिनभर मौसम सुहावना रहा और धूप खिली रही। दूसरी ओर बदरीनाथ धाम में कड़ाके की ठंड की बावजूद बुधवार को 1823 तीर्थयात्री मत्था टेकने पहुंचे।
अभी तक 111799 तीर्थयात्री भगवान बदरीनाथ के दर्शन कर चुके हैं। तीर्थयात्रियों के साथ ही स्थानीय लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं। धाम में रात का तापमान माइनस 8 तक जा रहा है। जबकि शाम को पारा माइनस एक रहा।
पिथौरागढ़ जिले के उच्च हिमालयी क्षेत्र में बुधवार सुबह बर्फबारी हुई। वहीं, डीडीहाट में शाम को ओले गिरे। ऊंची चोटियों पर हिमपात और ओलावृष्टि से ठंड बढ़ गई है।
मुनस्यारी की ऊंची चोटियों पर सुबह से ही बादल छाए थे।
पंचाचूली सहित सभी ऊंची चोटियों पर दिन में हल्का हिमपात होता रहा। इससे मुनस्यारी में कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है। शाम के समय डीडीहाट में बारिश के साथ ओले गिरे।
ऊंची चोटियों पर हिमपात और ओले गिरने का असर जिले भर में हुआ। शाम को पूरे जिले में ठंडी हवाएं चलने लगी। बुधवार को जिला मुख्यालय में दिन भर धूप खिली रही। सुबह-शाम ठंड बढ़ने लगी है।