कुमाऊं में बुधवार को हुई झमाझम बारिश के बाद बृहस्पतिवार को भी पर्वतीय जिलों में झमाझम बारिश हुई। इससे तामपान में काफी गिरावट आ गई है। लगातार हो रही बारिश से मई के महीने में भी लोगों को ठंड का अहसास हो रहा है।
बृहस्पतिवार को भी बागेश्वर में जिलेभर में कभी तेज तो कभी हल्की बारिश होती रही। इससे मुख्यालय का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। बारिश के चलते खेतों में गेहूं की कटाई-मंडाई कर रहे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अल्मोड़ा जिले में दिन के समय हल्की बूंदाबांदी के बाद दोपहर बाद एक बार फिर तेज बारिश हुई। लगातार हो रही बारिश के चलते अधिकतम तापमान सामान्य से काफी कम चल रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 14 मई तक बारिश का क्रम जारी रह सकता है। चंपावत जिले में भी अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश हुई। तेज बारिश से न केवल मौसम खुशगवार हुआ बल्कि लोगों की पेयजल किल्लत में थोड़ी कमी आई। उधर, पिथौरागढ़ जिले में बृहस्पतिवार को भी जिला मुख्यालय सहित जिले के विभिन्न हिस्सों में मूसलाधार बारिश हुई। बारिश से नदी नालों का जलस्तर बढ़ने लगा है। नाचनी क्षेत्र के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बारिश होने के बाद नदी-नाले उफान पर हैं। इससे रामगंगा का पानी भी मटमैला हो गया।