नैनीताल नगर में मंगलवार को मौसम ने कई रंग बदले। सुबह से ही आसमान में हल्के बादलों ने डेरा जमाए रखा, लेकिन हल्की धूल के भी दीदार होते रहे।
अपराह्न ढाई बजे से गरज चमक के साथ पहले बारिश और उसके बाद रुक-रुक कर ओलावृष्टि का दौर शुरू हो गया। यह क्रम शाम छह बजे तक अनवरत जारी रहा। बता दें कि नगर में बीते एक पखवाड़े से मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है।
मंगलवार अपराह्न ढाई बजे से शुरू हुई ओलावृष्टि और बारिश से जनजीवन प्रभावित रहा। शहीद मेजर राजेश अधिकारी राजकीय इंटर कॉलेज के मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी प्रताप बिष्ट के मुताबिक शाम 6 बजे तक सात मिलीमीटर बारिश हो चुकी थी।
चमोली जिले में फिर हुई बारिश-बर्फबारी
चमोली जनपद में इन दिनों दोपहर बाद रोज बारिश और बर्फबारी हो रही है। मंगलवार को भी बदरीनाथ धाम की चोटियों के साथ ही जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश हुई। गोपेश्वर में ड्रेनेज सिस्टम सही न होने से बारिश का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है।
बारिश, बर्फबारी से जिले में मौसम ठंडक भरा हो गया है। वहीं आपदा प्रभावित घाट ब्लॉक में लोग बारिश होने पर सहम जा रहे हैं। गोपेश्वर के साथ ही जोशीमठ, पीपलकोटी, पोखरी, घाट, नंदप्रयाग, उर्गम, निजमूला घाटी में भी बारिश का दौर जारी है।