राजधानी देहरादून व आसपास के इलाकों में बुधवार को भी मौसम का बदला मिजाज देखने को मिला। तेज हवाओं के बीच बारिश की फुहारों से मौसम ठंडा होने से गर्मी से राहत रही। वहीं गुरुवार को भी बारिश के आसार हैं और मैदानी क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है।
बुधवार को राजधानी दून व आसपास के इलाकों में वैसे तो बादल दिन भर छाए रहे। इससे लगा कि राजधानी में जबरदस्त बारिश होगी, लेकिन मौसम का मिजाज कुछ अलग ही रहा। राजधानी के बसंत विहार, प्रेमनगर, आईएसबीटी, माजरा, जोगीवाला, इंदिरानगर, बल्लीवाला, बल्लूपुर, जीएमएस रोड, तुनवाला नकरौंदा, समेत कई इलाकों में बारिश हुई।
वहीं रायपुर, राजपुर, जाखन, नेहरू कॉलोनी, बद्रीश कॉलोनी, डालनवाला, लक्ष्मी रोड, धर्मपुर, प्रगति विहार, डिफेंस कॉलोनी, ओल्ड नेहरू कॉलोनी, घंटाघर, सहारनपुर चौक, अग्रसेन चौक, ईसी रोड, जैसे इलाके सूखे रहे।
मौसम विभाग का कहना है कि गुरुवार को पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल व चंपावत जैसे जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, पिथौरागढ़ के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
राज्य के अन्य जिलों में तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज बौछार के आसार हैं। मैदानी इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। देहरादून व आसपास के इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। कुछ क्षेत्रों में तेज गर्जना के साथ बारिश हो सकती है।
देहरादून के रायपुर क्षेत्र में बड़ासी पुल का पुस्ता टूट गया। इस हादसे से वहां के कई गांवों का संपर्क टूट गया। पुलिस प्रशासन ने आवागमन बंद कर दिया है। साथ ही वहां पर इसकी मरम्मत और आंकलन के लिए लोक निर्माण विभाग की टीम पहुंच गई है। बताया जा रहा है कि पुस्ता निर्माण में अभी कुछ दिन का समय लग सकता है।
मामला थानो रोड का है। यहां पर चंद साल पहले ही नई सड़क बनाई गई थी। इस पर कई पुल भी बने हुए हैं। इनमें से ही एक है बड़ासी पुल। एसओ रायपुर दिलबर सिंह नेगी ने बताया कि बुधवार रात को स्थानीय लोगों ने सूचना दी थी कि बड़ासी पुल का पुस्ता दरक गया है। ऐसे में एहतियात के तौर पर ट्रैफिक को रोक दिया गया था।
कुछ देर बाद मौके पर चौकी प्रभारी मालदेवता समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। इसके बाद एसओ रायपुर मय फोर्स मौके पर पहुंच गए। एसओ ने बताया कि पुल के पुस्ते का करीब 20 मीटर का पुस्ता टूटा है। इसके चलते यहां पर आवागमन पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। मौके पर लोक निर्माण विभाग की टीम को भी बुलाया गया है। जेसीबी व अन्य वाहनों के साथ टीम वहां पर मरम्त का काम शुरू कर रही है।
एक पुल और दरका था पिछले साल
इस मार्ग और इस पर बने पुलों की गुणवत्ता को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं। पिछले साल अमर उजाला ने ही यहां के एक पुल के दरकने का खुलासा किया था। भोपाल पानी गांव के पास बने इस पुल की जांच शासन ने विभाग को दी थी। हालांकि, इस जांच में क्या सामने आया यह अभी तक किसी को नहीं पता चल सका है।
रायपुर क्षेत्र का एक और पुल दरका था
रायपुर क्षेत्र में बीते दिनों एक और पुल दरकने की खबरें सामने आई थीं। यह पुल रायपुर को पुलिया नंबर छह के क्षेत्र को जोड़ता था। यह पुल बनते ही क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके चलते यहां के लोगों को काफी परेशनियों का सामना करना पड़ा था। बहुत दिनों तक आवाजाही भी बंद रही थी।