उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में आज भी मौसम खराब बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार आज उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के अनेक स्थानों, देहरादून, अल्मोड़ा और नैनीताल जिलों में कुछ जगह हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
बाकी जिलों में तीन हजार मीटर और इससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी होने के आसार हैं। वहीं सुबह केदारनाथ धाम में भी बर्फबारी हुई, जबकि मैदानी इलाकों में ठंडी हवाएं चल रही हैं।
मौसम विभाग की मानें तो देहरादून, पौड़ी, नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा और चंपावत जिलों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि व आकाशीय बिजली चमकने की भी संभावना है। मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। देहरादून जिले में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 29 डिग्री और 16 डिग्री के लगभग रहेंगे।
कल भी हुई थी बर्फबारी
बता दें कि सोमवार को भी बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, रुद्रनाथ, लालमाटी, नीती व माणा घाटियों में व उधर केदारनाथ धाम में बर्फबारी हुई थी। केदारनाथ धाम में करीब एक घंटे तक बर्फबारी होने से करीब एक से डेढ़ इंच तक बर्फ जम गई है।
वहीं निचले इलाकों में बारिश होने से जंगलों में भड़की आग बुझ गई है। हालांकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी से निचले इलाकों में ठंड बढ़ गई है। वहीं, यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम समेत समुद्र सतह से तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई।
कुमाऊं में अंधड़ और बारिश ने किया बेहाल
सोमवार को कुमाऊं में भी मौसम खराब रहा। चोटियों पर हिमपात हुआ, पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश, ओलावृष्टि हुई तो मैदानी क्षेत्रों में अंधड़ आया। रानीखेत मे ओले भी गिरे।
अल्मोड़ा जिले के चौबटिया क्षेत्र में करीब 15 मिनट तक झमाझम बारिश हुई। रानीखेत में ओले भी गिरे। कौसानी और ग्वालदम में भी हल्की बारिश हुई। उधर, कपकोट के उच्च हिमालयी इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई।
बंगापानी, मुनस्यारी, कनालीछीना सहित अन्य हिस्सों में भी हल्की बारिश हुई। नैनीताल और चंपावत के पर्वतीय क्षेत्रों में भी बारिश हुई, जबकि मैदानी क्षेत्रों और तराई में तेज हवाएं चलीं। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई।