फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तराखंडः देहरादून में छाए बादल, हल्की बूंदाबांदी से मौसम हुआ सुहाना, चमोली में छह सड़कें बंद

Sat, 20 Jul 2019 12:51 PM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
छा गया अंधेरा
विज्ञापन

आज सुबह निकली चटख धूप के बाद अचानक राजधानी देहरादून का मौसम बदल गया। आसमान में काले बादल छा गए और हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। इस दौरान ठंडी हवाएं चलने लगी, जिससे देहरादून का मौसम सुहावना हो गया। ऋषिकेश में भी बादल छाने के बाद ठंडी हवाएं चलने लगीं। कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हुई।

विज्ञापन


वहीं आज दून समेत उत्तराखंड के कई इलाकों में बारिश हो सकती है। मौसम केंद्र के अनुसार 23 जुलाई तक राजधानी के ज्यादातर हिस्सों में हल्के बादल छाये रहने और बारिश का अनुमान है। राजधानी व आसपास के इलाकों में बादल छाये रह सकते हैं। कुछ इलाकों में चमक और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं बादल छाये रहने और हल्की बारिश के बावजूद अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी जारी है। शुक्रवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।

चमोली जिले में पांच दिन से बंद पड़ी हैं छह सड़कें, पैदल आवाजाही कर रहे ग्रामीण 

रुक-रुककर हो रही बारिश से गोपेश्वर ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाली सड़कें बदहाल पड़ी हैं। जिले में पांच दिन से छह सड़कें भूस्खलन और पुश्ते टूटने से बंद पड़ी हैं। जहां सड़कें वाहनों की आवाजाही के लिए खुली भी हैं, वहां नालियां बंद होने से सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं, जिससे वाहनों की आवाजाही भी मुश्किल से हो पा रही है।

चमोली जिले में भूस्खलन से पुरसाड़ी-पलेठी, कुहेड़-मथरपाल, बिरही-गौणा, नंदप्रयाग-देवखाल, डिडोली संपर्क मार्ग और कनकचौरी- रौता मोटर मार्ग बंद पड़े हैं, जिससे ग्रामीणों को पैदल आवाजाही करनी पड़ रही है। कनकचौंरी-रौता मोटर मार्ग तीन दिनों से बंद पड़ा है, जिससे क्षेत्र के चार गांवों के ग्रामीण पांच किलोमीटर की पैदल दूरी तय कर गंतव्य को जा रहे हैं।

ग्रामीण बीरबल सिंह का कहना है कि सड़क खोलने के लिए प्रशासन स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। बिरही-गौणा मोटर मार्ग भी पांच दिनों से बंद है, जिससे स्कूलों में जाने वाले शिक्षक और छात्र-छात्राएं पैदल ही आवाजाही कर रहे हैं। इधर, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी का कहना है कि सभी सड़कों को खोलने के लिए जेसीबी लगाई गई हैं। जल्द ही सड़कों के आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा। 
विज्ञापन

बोल्डर आने से सलूड़-डूंग्रा मोटर मार्ग बंद

जोशीमठ में गढ़ी मंदिर के समीप चट्टान से बोल्डर गिरने के कारण सलूड़-डूंग्रा मोटर मार्ग बंद हो गया। मार्ग बंद होने से सलूड़, डुंग्रा, गणाई और मोल्टा गांव के ग्रामीणों को आवाजाही बाधित हो गई है।
 
ग्रामीण भगत सिंह कुंवर, दिगंबर सिंह पंवार और भरत सिंह रावत का कहना है कि इन दिनों सलूड़-डुंग्रा क्षेत्र में खेतों से आलू निकाले जा रहे हैं। यदि जल्द सड़क नहीं खुलती है तो आलू खेतों में ही सड़ जाएंगे।
इधर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता डीएस रावत का कहना है कि सड़क खोलने के लिए जेसीबी मौके पर भेज दी है। बोल्डरों को कंप्रेशर मशीन से हटाया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें