सोमवार को चमोली जिले में मौसम खराब रहा। यहां भी रविवार रात से बारिश जारी है। बदरीनाथ हाईवे भी लामबगड़ में बंद पड़ा है। बता दें कि यहां हाईवे रविवार अपराह्न 3 बजे से अवरुद्ध पड़ा है।
यात्री हाईवे खुलने का इंतजार कर रहे हैं। हेमकुंड यात्रा जारी है। टिहरी जिले के सभी क्षेत्रों में भी झमाझम बारिश हो रही है। यहां नुकसान की कोई सूचना नहीं है। ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे पर यातायात जारी है।सोमवार को सोनप्रयाग से केदारनाथ के 503 श्रद्धालु रवाना हुए हैं। केदारनाथ पैदल मार्ग लिनचोली के पास बरसाती पानी के बहाव में बह गया है। यात्रियों को वापस भीमबली व सोनप्रयाग भेजा जा रहा है। बारिश से रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे खाट गांव के पास खतरनाक हो गया है। हरिद्वार के पथरी क्षेत्र में कई बीघा फसल पानी में डूब गई है। वहीं भवाली-अल्मोड़ा हाईवे में भौर्या मोड़ के पास पहाड़ी से भूस्खलन के चलते यातायात अवरुद्ध हो गया है। फिलहाल मलबा और बोल्डर हटाने के लिए जेसीबी मशीनें लगाई गई हैं। मार्ग में दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई है।
मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि आगामी 24 घंटे में प्रदेश के छह जिलों देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भारी बारिश के आसार हैं। सोमवार को प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। कई जगहों पर बहुत भारी बारिश भी हो सकती है। इसके तहत अलर्ट जारी किया गया है।