विश्व हिंदू परिषद अयोध्या में राम जन्मभूमि पर बनने वाले भव्य मंदिर के लिए फंड जुटाएगी। इसके लिए 15 जनवरी से 27 फरवरी तक श्रीराम मंदिर निधि समर्पण अभियान चलाया जाएगा। विहिप कार्यकर्ता उत्तराखंड में 24 लाख परिवारों से संपर्क साधेंगे और घर-घर जाएंगे।
विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विजय शंकर तिवारी ने कहा कि देशभर के प्रत्येक राम भक्त का सहयोग लिया जाएगा। वे देहरादून स्थित उत्तरांचल प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मकर संक्रांति 15 जनवरी से 27 फरवरी तक चलने वाले इस सघन अभियान में विहिप कार्यकर्ता उत्तराखंड के 14 हजार 526 गांवों व 73 नगरों के 24 लाख परिवारों से संपर्क कर श्री राम जन्मभूमि से सीधे जोड़कर रामत्व का प्रसार करेंगे।
देश की हर जाति, मत, पंथ, संप्रदाय, क्षेत्र, भाषा के लोगों के सहयोग के साथ राम मंदिर वास्तव में एक राष्ट्र मंदिर का रूप लेगा। उन्होंने प्रत्येक राम भक्त से इस राम काज के लिए बढ़-चढ़ कर आगे आने का आह्वान किया।
आर्थिक विषय में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए न्यास ने 10, 100 तथा 1000 रुपये के कूपन व रसीदें छापी हैं। समाज जैसा देगा उसी के अनुरूप कार्यकर्ता कूपन या रसीद देंगे। करोड़ों घरों में भगवान के मंदिर का चित्र भी पहुंचाएंगे। वहीं, कुछ संस्थाएं खुद भी राम मंदिर के लिए फंड एकत्रित कर रही हैं। प्रेस वार्ता में विहिप, उत्तराखण्ड के कार्यकारी अध्यक्ष रविदेव आनंद, सह प्रांत संगठन मंत्री अजय, आरएसएस के सह प्रांत प्रचार प्रमुख संजय कुमार, समिति के प्रांत प्रचार प्रमुख हिमांशु अग्रवाल उपस्थित थे।
प्रदेश में इन्हें सौंपी जिम्मेदारी
उत्तराखंड में मंदिर निधि समर्पण अभियान के प्रमुख रणदीप पोखरिया होंगे। वह प्रदेश सहमंत्री विश्व हिंदू परिषद हैं। साथ ही प्रांत सेवा प्रमुख पवन कुमार और डॉ. विनय विद्यालंकार सह अभियान प्रमुख का कार्य देखेंगे। अनिल मित्तल प्रभु दयाल और दिनेश पांडे हिसाब प्रमुख का कार्य संभालेंगे।