नौ नवंबर को राजधानी के पवेलियन मैदान में बलूनी क्लासेस की ओर से 19 फीट का केक काटकर राज्य स्थापना दिवस का जश्न मनाया जाएगा। अमर उजाला और इनेबल कनेक्ट कंसल्टिंग (ईसीसी) की ओर से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में उत्तराखंड के कई सुप्रसिद्ध लोक कलाकार प्रस्तुतियां देंगे।
अमर उजाला की ओर से इस वर्ष भी राज्य का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाने की तैयारी की जा रही है। इसके तहत नौ नवंबर को शाम पांच बजे से राजधानी के पवेलियन मैदान में तृतीय उत्तराखंड उदय सम्मान समारोह एवं सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। ईसीसी के निदेशक शिवराज सिंह राणा ने बताया कि पद्मश्री बसंती बिष्ट मां नंदा के जागरों के साथ रंगारंग कार्यक्रमों की शुरूआत करेंगी।
इसके बाद जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण, स्वर कोकिला मीना राणा, किशन महिपाल, संगीता ढौंडियाल, रजनीकांत सेमवाल, अमित सागर और सनी दयाल अपनी प्रस्तुतियां देंगे। सुप्रसिद्ध हास्य कलाकार घनानंद (घन्ना भाई) अपने चुटकुलों से दर्शकों को पेट पकड़कर हंसने पर मजबूर कर देंगे।
फैशन शो होगा खास
कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक गढ़वाली, कुमाऊंनी, जौनसारी वेशभूषा में फैशन शो भी आयोजित किया जाएगा। इसमें कोई भी दर्शक हिस्सा ले सकता है। पारंपरिक वेशभूषा और आभूषणों पहनकर पहुंचने वाले दर्शकों को ही रैंप वॉक करने का मौका मिलेगा। फैशन शो में महिला, पुरुष और बच्चों की तीन कैटेगरी होगी। प्रत्येक कैटेगरी में पहले तीन स्थान हासिल करने वाले दर्शकों को सम्मानित किया जाएगा।
प्रतिभाओं को मिलेगा सम्मान
पिछले वर्षों की तर्ज पर अमर उजाला इस वर्ष भी समाज की बेहतरी के लिए विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करेगा। अमर उजाला और इनेबल कनेक्ट की ओर से इन विभूतियों को ‘तृतीय उत्तराखंड उदय सम्मान’ प्रदान किया जाएगा।