राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर पांच नवंबर को आयोजित होने वाले सम्मान समारोह और सांस्कृतिक महोत्सव का आगाज मां नंदा देवी के जागरों के साथ होगा। जागरों को नई ऊंचाई प्रदान करने वाली उत्तराखंड की प्रसिद्ध जागर गायिका बसंती बिष्ट अपनी टीम के साथ मां नंदा का आह्वान करेंगी। इसके बाद राज्य के सभी बड़े लोक कलाकार मंच पर अपने सुरों का जादू बिखेरेंगे।
विकास फाउंडेशन के अध्यक्ष विकास नेगी ने बताया कि पांच नवंबर की शाम को राजधानी के पवेलियन मैदान में यह सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ जागर साम्राज्ञी बसंती बिष्ट मां नंदा के जागरों के साथ करेंगी। इसके बाद सुप्रसिद्ध लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी, प्रसिद्ध कुमाऊंनी लोक गायक हीरा सिंह राणा, जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण, किशन महिपाल, संगीता ढौंडियाल, जौनसारी लोक गायक सन्नी दयाल और रेशमा शाह अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे। गढ़वाली गीतों का फ्यूजन तैयार कर उन्हें नया रूप देने वाले यू-ट्यूब स्टार शाश्वत जे पंडित समारोह का विशेष आकर्षण रहेंगे। इसके अलावा गीत-संगीत के जरिये अपनी अलग पहचाने बनाने वाले वूमनिया बैंड की लाइव परफॉर्मेंस भी होगी।
आकर्षक पहनावे को भी मिलेगा सम्मान
cdss
- फोटो : getty images
विकास फाउंडेशन ने सभी दर्शकों से सम्मान समारोह में उत्तराखंड की पारंपरिक पोशाक पहनकर आने की अपील की है। कार्यक्रम के दौरान सर्वश्रेष्ठ पारंपरिक पोशाक पहनकर आने वाली तीन महिला व तीन पुरुष दर्शकों को विकास फाउंडेशन की ओर से विशेष पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
कटेगा 17 फीट का केक
उत्तराखंड के 17वें स्थापना दिवस अवसर पर आयोजित होने वाले इस समारोह में 17 फीट का केक भी काटा जाएगा। विपिन बलूनी की ओर से पिछले स्थापना दिवस पर भी मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में 16 फीट का केक काटा गया था।
दो नवंबर तक करें आवेदन
शिल्प व कला, लोक संस्कृति, खेलकूद, शिक्षा, चिकित्सा, स्वरोजगार, उद्योग, समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण श्रेणियों में प्रथम उत्तराखंड उदय सम्मान प्रदान किया जाएगा। इसके लिए कोई भी व्यक्ति, संगठन या संस्था आवेदन कर सकती है। साथ ही किसी व्यक्ति, संगठन व संस्था को नामित भी किया जा सकता है। प्रत्येक श्रेणी में अधिकतम तीन पुरस्कार ही दिए जाएंगे। आवेदन डाक या कोरियर से भेजे जा सकते हैं। इसके अलावा व्यक्तिगत रूप से भी आवेदन जमा कराए जा सकते हैं। दो नवंबर शाम पांच बजे के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर किसी भी दशा में विचार नहीं किया जाएगा।
कैसे करें आवेदन
आवेदन के लिए विस्तृत बायोडाटा, पूर्व में किए गए कार्यों, पुरस्कारों व उपलब्धियों का ब्योरा समेत अन्य सभी महत्वपूर्ण जानकारियां भेजें। सभी प्रमाण पत्रों व महत्वपूर्ण कागजों की फोटो कॉपी कर एक लिफाफे में डालें और उसे अमर उजाला कार्यालय देहरादून भेज दें। लिफाफे के ऊपर ‘प्रथम उत्तराखंड उदय सम्मान आवेदन/सम्मान’ की कैटेगरी लिखना न भूलें।
आवेदन भेजने का पता- अमर उजाला कार्यालय, शेड-2, इंडस्ट्रीयल एरिया पटेलनगर, देहरादून।
अंतिम तिथि- दो नवंबर 2016, शाम पांच बजे
(अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9760757378 पर दोपहर दो से तीन बजे के बीच संपर्क कर सकते हैं।)