जश्न ए उत्तराखंड की तैयारी ने रफ्तार पकड़ ली है, कहीं प्रोग्राम तय किए जा रहे हैं तो कहीं जिम्मेदारों को कार्यक्रम की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है।
इसी कड़ी में डॉल्फिन पीजी इंस्टीट्यूट ऑफ बायोमेडिकल एंड नेचुरल साइंसेज में ‘उत्तराखंड उदय’ के तहत पांच दिन तक लगातार जश्न मनाया जाएगा। इसके तहत हर दिन अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बलूनी ग्रुप प्रदेश के 16वें स्थापना दिवस के मौके पर 16 फिट लंबा केक काटेगा। एमकेपी प्रबंधन सोसाइटी ने भी उत्तराखंड के बर्थडे का पूरा प्लान तैयार कर लिया है।
धूमधाम से जश्न मनाने के साथ इंटर कॉलेज में अमर उजाला की मुहिम पुलिस की पाठशाला आयोजित की जाएगी। इसमें बच्चों को कानून और साइबर अपराधों की जानकारी दी जाएगी। वीआर क्लासेज में बच्चों के साथ टीचर्स चार नवंबर को केक काटकर उत्तराखंड उदय का जश्न मनाएंगे।
डॉल्फिन इंस्टीट्यूट में पांच दिन मनाया जाएगा जश्न
चेयरमैन अरविंद गुप्ता ने बताया कि हमारे लिए फख्र का मौका है। उन्होंने बताया कि वह दो नवंबर से छह नवंबर तक लगातार उत्तराखंड उदय का जश्न मनाएंगे। दो नवंबर को कॉलेज के छात्रों के साथ मिलकर परिसर से मांडूवाला गांव तक स्वच्छता अभियान से शुरुआत होगी।
इसके बाद तीन नवंबर को कॉलेज परिसर में पॉलिथीन उन्मूलन कार्यक्रम होगा। चार नवंबर को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम और नुक्कड़ नाटक होंगे। इसी दिन केक भी काटा जाएगा। पांच नवंबर को ग्रामीणों के लिए कोटला कल्याणपुर गांव में फिजियोथेरेपी, मेडिकल और पैथोलॉजी कैंप लगाया जाएगा।
इसमें खून की जांच के साथ फिजियोथेरेपी मुफ्त होंगी और दवाईयां भी मुफ्त बांटी जाएगी। छह नवंबर को आसपास के स्कूली बच्चों के लिए कार्यक्रम होंगे। इसके तहत आसपास के स्कूलों में बच्चों को स्टेशनरी, अन्य गिफ्ट दिए जाएंगे। चेयरमैन अरविंद गुप्ता ने ज्यादा से ज्यादा संख्या में इस जश्न में शामिल होने का आह्वान किया।
बलूनी ग्रुप काटेगा 16 फिट का केक
उत्तराखंड की स्थापना के जश्न में बलूनी ग्रुप ऑफ एजुकेशन भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेगा। बलूनी ग्रुप प्रदेश के 16वें स्थापना दिवस पर 16 फिट लंबा केक काटेगा। बलूनी ग्रुप ऑफ एजुकेशन के एमडी विपिन बलूनी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि हमारे प्रदेश की स्थापना का मौका हम सबके लिए गर्व की बात है और वह अपने सभी छात्रों के साथ जश्न ए उत्तराखंड में बढ़कर हिस्सा लेंगे। बलूनी ग्रुप ऑफ एजुकेशन के चेयरमैन डॉ. नवीन बलूनी ने बताया कि नौ नवंबर को अमर उजाला की अगुवाई में बीजापुर गेस्ट हाउस में होने वाले उत्तराखंड स्थापना दिवस पर उनकी ओर से विशेष केक उपलब्ध कराया जाएगा।
एमकेपी में चलेगी पुलिस की पाठशाला
एमकेपी प्रबंधन सोसाइटी के अवैतनिक सचिव जितेंद्र नेगी ने बताया कि वह एमकेपी इंटर कॉलेज में चार नवंबर को केक काटकर जश्न मनाएंगे। इसी दिन अमर उजाला की दूसरी मुहिम पुलिस की पाठशाला का आयोजन भी एमकेपी इंटर कॉलेज के सभागार में किया जाएगा। इसमें पुलिस महानिदेशक बीएस सिद्धू बतौर मुख्य अतिथि पहुंचेंगे। पाठशाला में वह युवाओं को ट्रैफिक और अन्य नियम कानूनों की बारीकियां भी बताएंगे।
वीआर क्लासेज मनाएगा खुशियां
वीआर क्लासेज की ओर से उत्तराखंड उदय के तहत चार नवंबर को केक काटकर बच्चों संग खुशियां मनाई जाएंगी। वीआर क्लासेज के एमडी वैभव राय ने बताया कि हमारे प्रदेश के लिए यह गर्व का मौका है। उन्होंने कहा कि हम सब एक साथ मिलकर खुशी के इन पलों को सेलिब्रेट करेंगे। संस्थान में ही केक काटा जाएगा।
बच्चे दिखाएंगे भविष्य का उत्तराखंड
राज्य स्थापना दिवस पर अमर उजाला के उत्तराखंड उदय कार्यक्रम से जुड़ते हुए एसजीआरआर पब्लिक स्कूल मिडिल ब्रांच चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित करेगा।
स्कूल की प्रधानाचार्या जागृति नवानी ने बताया कि दो नवंबर को अमर उजाला की ओर से आयोजित की जा रही भविष्य का उत्तराखंड विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। साथ ही बच्चों के बीच कविता, स्लोगन प्रतियोगिता भी आयोजित होगी। उन्होंने बताया कि स्कूली बच्चे विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से राज्य स्थापना दिवस समारोह को यादगार बनाएंगे।
हिमालयन अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं पर मिलेगी छूट
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर हिमालयन अस्पताल मरीजों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं में छूट प्रदान करेगा। अमर उजाला के उत्तराखंड उदय कार्यक्रम से जुड़ते हुए अस्पताल ने रोगियों को यह लाभ देने का निर्णय लिया है।
श्रीराम हिमालयन विवि के कुलपति डॉ. विजय धस्माना ने बताया कि राज्य और लोगों के प्रति अपने प्रेम को प्रदर्शित करते हुए अस्पताल उत्तराखंड के 16वें स्थापना दिवस के जश्न को यादगार तरीके से मनाएगा।
उन्होंने बताया कि दो नवंबर से लेकर नौ नवंबर तक अस्पताल में निशुल्क पंजीकरण, स्वास्थ्य परामर्श के अलावा जांचों पर 25 फीसदी तक की छूट दी जाएगी। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जेपी शर्मा ने बताया कि सभी दिन पंजीकरण व परामर्श निशुल्क रहेगा।
दिनांक - विभाग - निशुल्क सुविधा
दो नवंबर - मेडिसिन, हृदय रोग - बीपी, ईसीजी
तीन नवंबर - साइक्रेट्री, हृदय रोग - परामर्श, बीपी, ईसीजी
चार नवंबर - सर्जरी, गेस्ट्रो, एंट्रोलॉजी - हेपटाइटिस बी व सी
पांच नवंबर - नेफ्रोलॉजी, न्यूरोलॉजी - बीपी
छह नवंबर - हड़ी रोग, यूरोलॉजी - पंजीकरण व परामर्श
सात नवंबर - बाल रोग, नेत्र रोग - ब्लड शुगर, बच्चों के चश्मे (16 वर्ष से कम)
नौ नवंबर - स्त्री रोग, नाक, कान, गला - बीपी, ईसीजी