पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र में निवेश के लिए चीन की कंपनियों के साथ करार को लेकर सचिव से पूरा ब्योरा मांगा है। प्रदेश में रोपवे और पर्यटन के अन्य कार्यों में चीन की कंपनियों की ओर से भी सरकार को निवेश का प्रस्ताव दिया गया था।
भारत और चीन के सैनिकों के बीच पूर्वी लद्दाख की गलवां घाटी में 15 जून को हुई हिंसक झड़प में भारतीय सेना के 20 सैनिकों की शहादत के बाद पूरे चीन के खिलाफ देश में जबरदस्त गुस्सा है। चीन को सबक सिखाने के लिए जहां एक ओर केंद्र सरकार राजनीतिक, कूटनीतिक और आर्थिक रूप से घेरने में लगी है।
वहीं, पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने सचिव से पर्यटन क्षेत्र में चल रहे ऐसे सभी कार्यों की जानकारी मांगी है, जिनका करार चीन की कंपनियों से हुआ है। बता दें कि प्रदेश में रोपवे समेत टिहरी झील में पर्यटन संबंधित कार्यों के लिए चीन की कंपनियों ने प्रस्ताव दिया था।
पर्यटन मंत्री महाराज ने सचिव दिलीप जावलकर को निर्देश दिए कि पर्यटन के तहत जितने भी कार्यों का करार चीन की कंपनियों से हुआ है, जल्द उन सबका पूरा ब्योरा दिया जाए।