उत्तरकाशी-घनसाली-तिलवाड़ा मार्ग एनएच होगा घोषित
मुख्यमंत्री ने बीते अगस्त में केंद्र सरकार से उत्तरकाशी-कमद-अयारखाल-बूढ़ाकेदार-चमियाला-घनसाली-तिलवाड़ा मोटर मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने का अनुरोध किया था। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी मुख्यमंत्री को पत्र के माध्यम से अवगत कराया है कि विगत 12 वर्षों में उत्तराखंड में राष्ट्रीय राजमार्गों की कुल लंबाई 2,282 किलोमीटर से बढ़कर 3,670 किलोमीटर हो गई है। उन्होंने आश्वस्त किया है कि नए राष्ट्रीय राजमार्गों की घोषणा से संबंधित नीति को अंतिम रूप दिए जाने के पश्चात इस मार्ग के प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा।
खुरपिया फार्म में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान खोलने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार को ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा स्थित खुरपिया फार्म में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान की स्थापना का प्रस्ताव दिया था। केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने मुख्यमंत्री को अवगत बताया है कि केंद्रीय वित्त मंत्री की बजट-2026 में तीन अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थानों की स्थापना की घोषणा पर कैबिनेट सचिवालय ने राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों से प्रस्ताव आमंत्रित किए गए थे। उत्तराखंड से भी प्रस्ताव प्राप्त हुआ है, जिस पर निर्धारित प्रक्रिया एवं लागू मानदंडों के अनुसार विचार किया जाएगा।