यूजेवीएन लिमिटेड की तीन जल विद्युत परियोजनाओं को पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय से स्वीकृतियां मिल गई हैं।
यूजेवीएनएल के एमडी अजय कुमार सिंह ने बताया कि पिथौरागढ़ की 12 मेगावाट क्षमता की तांकुल जल विद्युत परियोजना को आवश्यक अंतिम वन स्वीकृति के साथ-साथ सार्वजनिक निवेश बोर्ड (पीआईबी) का अनुमोदन प्राप्त हो गया है। पिथौरागढ़ की 120 मेगावाट क्षमता की सिरकारी भ्योल रुपसियाबगड़ और देहरादून की 72 मेगावाट क्षमता की त्यूणी प्लासूं जल विद्युत परियोजनाओं को भी पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय से अंतिम वन स्वीकृति प्राप्त हो गई है। इन महत्वपूर्ण स्वीकृतियों से परियोजनाओं के निर्माण एवं क्रियान्वयन का काम आगे बढ़ जाएगा।
एमडी सिंह ने बताया कि 12 मेगावाट क्षमता की तांकुल जल विद्युत परियोजना धारचूला में काली नदी की सहायक नदी सिमखोलागाड़ पर प्रस्तावित रन-ऑफ-द-रिवर परियोजना है। इसमें चार मेगावाट क्षमता की तीन विद्युत उत्पादन इकाइयां स्थापित की जाएंगी, जिनसे प्रतिवर्ष लगभग 5.8 करोड़ यूनिट विद्युत उत्पादन अपेक्षित है। इसी प्रकार, सिरकारी भ्योल रुपसियाबगड़ जल विद्युत परियोजना पिथौरागढ़ की मुनस्यारी तहसील में गोरी नदी पर प्रस्तावित है। परियोजना से प्रतिवर्ष लगभग 52.91 करोड़ यूनिट बिजली उत्पादन होगा। देहरादून में टोंस नदी पर प्रस्तावित त्यूणी-प्लासूं जल विद्युत परियोजना को भी अंतिम वन स्वीकृति मिल गई है।
UK Top News: भूकंप से डोली धरती, बाघ का दंपती पर हमला, कुमारी सैलजा की हुंकार, लूटकांड का आरोपी गिरफ्तार