उत्तराखंड के गोपेश्वर में महिला शक्ति केंद्र, चमोली में तैनात महिला कल्याण अधिकारी हिमानी और वन स्टॉप सेंटर की महिला पैरामेडिकल कर्मी पूनम नेगी को बर्खास्त कर दिया गया है। डीएम के निर्देश पर दोनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। दोनों महिला कर्मी आउटसोर्स पर तैनात थीं।
जिला कार्यक्रम अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि दोनों कर्मियों के खिलाफ लगातार अनुशासनहीनता की शिकायत आ रही थी। उन पर उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना और साथी कर्मियों के साथ अभद्रता के भी आरोप हैं।
बताया कि दोनों को कई बार मौखिक और लिखित रूप में चेतावनी दी गई, लेकिन उनके रवैये में कोई सुधार नहीं आया। अंतत: मामला डीएम के संज्ञान में लाया गया। उन्होंने जांच के बाद दोनों कर्मियों को बर्खास्त करने के निर्देश दिए हैं।