महिला कल्याण और बाल विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रेखा आर्य के नाम से फर्जी आईडी बनाने के मामले में पुलिस ने फेसबुक से मदद मांगी है। आरोपी ने पकड़े जाने के डर पर फर्जी आईडी बंद कर दी है। इस आईडी से ही मंत्री के कई परिचितों को आपत्तिजनक संदेश और कॉल किए गए थे।
राज्यमंत्री रेखा आर्य की शिकायत पर डीआईजी अरुण मोहन जोशी ने मामले की जांच सीओ साइबर नरेंद्र पंत को सौंपी थी। मामला उछला तो जालसाज ने फर्जी आईडी बंद कर दी। मंत्री और उनके परिचितों के पास आईडी का स्क्रीनशॉट भी नहीं मिला है।
सीओ नरेंद्र पंत ने बताया कि फर्जी आईडी बनाने वाले का पता लगाने के लिए फेसबुक से मदद मांगी गई है। फेसबुक से डाटा आने के बाद दोषी का पता लगाकर कार्रवाई की जाएगी।