उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पर बुधवार को भाजपा ने सभी 252 मंडलों में विचार गोष्ठी का आयोजन किया। इस दौरान राज्य आंदोलन में जेल गए आंदोलनकारियों व शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया गया। पार्टी मुख्यालय पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।
उन्होंने प्रदेशवासियों को बधाई दी और शहीदों के सपनों के अनुरूप राज्य का विकास करने संकल्प दोहराया। इस मौके पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि अटल जी ने जो राज्य हमें दिया, उसे हम सब मिलकर मोदी जी के मार्गदर्शन में संवार रहे हैं। प्रदेश कार्यालय में ‘अटल जी ने बनाया मोदी जी संवार रहे’ विषय आधारित प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में पूर्व सीएम डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, पार्टी प्रदेश अध्यक्ष, टिहरी सांसद महारानी माला राज्यलक्ष्मी शाह ने भी शिरकत की।
Uttarakhand@23: अस्थिरता के 'श्राप' से मुक्त नहीं हो पाई देवभूमि की सियासत, केंद्र के हाथों में रहा 'कंट्रोल'
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य निर्माण बड़े कष्टों व शहादत के बाद हुआ है। हमें राज्य आंदोलनकारियों के सपनों व प्रदेशवासियों की भावनाओं के अनुरूप राज्य का विकास करना है। भट्ट ने कहा कि सभी 252 मंडलों की विचार गोष्ठी से मिले सकारात्मक सुझावों का उपयोग प्रदेश की विकास योजनाओं को बनाने में किया जाएगा। प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि कार्यालय प्रांगण में आयोजित प्रदर्शनी में राज्य निर्माण आंदोलन के शहीदों को याद करते हुए प्रदेश में विकास के विभिन्न सोपानों के माध्यम से संदेश देने की कोशिश की गई है।
प्रदेश के सभी मंडलों के अलावा देहरादून, मसूरी, खटीमा, हल्द्वानी, श्रीनगर में बड़ी गोष्ठियों का भी आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में राज्य निर्माण शहीदों के परिजनों व जेल जाने वाले राज्य आंदोलनकारियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष ज्योति गैरोला, केदार दत्त, प्रदेश मंत्री पुष्कर काला, प्रदेश कार्यालय सचिव कौस्तुभानंद जोशी, प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी, सुनीता विद्यार्थी, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी माणिक निधि शर्मा, राजेन्द्र सिंह नेगी, सत्यवीर चौहान समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।