उत्तराखंड के सात जिलों में मौसम विभाग ने अगले 36 घंटे भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके चलते विशेष रूप से पहाड़ी जिलों में भूस्खलन का खतरा पैदा हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, कुमाऊं के चार और गढ़वाल के तीन जिलों में भारी से बेहद भारी बारिश हो सकती है। वहीं, प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी बारिश की आशंका जताई गई है।
शुक्रवार को जारी बुलेटिन में मौसम विभाग ने कुमाऊं के नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, पिथौरागढ़, चंपावत और गढ़वाल के पौड़ी, हरिद्वार एवं देहरादून में अगले 36 घंटे के दौरान बारिश की चेतावनी जारी की है।
मानसून सीजन की बारिश बाकी
मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि इन जिलों के ज्यादातर स्थानों पर भारी से बेहद भारी बारिश हो सकती है। वहीं, अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी और उत्तरकाशी में भी बारिश होगी। विभागीय रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों में ऊखीमठ में 60, कोटद्वार, लैंसडौन में 40-40, रुद्रप्रयाग, बड़कोट और जखोली में 30-30 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई।
मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि मानसून की विदाई से पहले प्रदेश में कई दौर की बारिश हो सकती है। उन्होंने बताया कि सामान्य तौर पर प्रदेश से मानसून की विदाई सितंबर अंत या अक्तूबर शुरू में होती है। अगले 36 घंटे में बारिश के बाद कुछ और समय बारिश का मौसम बना रह सकता है।