भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री दिनेश आर्य ने दावा किया कि मोदी सरकार ने अनुसूचित जाति समाज के छात्रों को सुलभ और गुणवत्तापरक शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छात्रवृत्ति की राशि छह गुना बढ़ा दी है। मोदी सरकार अनुसूचित जाति समाज के लिए संजीदगी से कार्य कर रही है।
भाजपा के कुमाऊं संभाग कार्यालय में बुधवार को मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री दिनेश आर्य और प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव कुमार ने पत्रकारों को बताया कि केंद्र ने अनुसूचित जाति वर्ग की छात्रवृत्ति का बजट 1100 करोड़ से बढ़ाकर छह हजार करोड़ रुपये कर दिया गया है। इस कार्य के लिए समाज के लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री थावर चंद के प्रति आभार जता रहे हैं। इसका लाभ देश के चार करोड़ अनुसूचित जाति के छात्रों को मिलेगा।
सरकार ने यह राशि प्रतिवर्ष पांच फीसदी बढ़ाने का प्रावधान किया है। गरीबों को आवास देने और मुफ्त गैस सिलिंडर से भी अनुसूचित समाज को काफी लाभ पहुंचा है। पहले की सरकारें सिर्फ आश्वसन देती थीं, लेकिन वर्तमान प्रधानमंत्री योजनाओं को धरातल पर उतराने का काम करते हैं।