आम जनता के लिए तीन मार्च से खुली रहेगी पुष्प प्रदर्शनी
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि पुष्प प्रदर्शनी आम जनता के लिए तीन मार्च को दोपहर एक बजे से शाम छह बजे तक एवं चार व पांच मार्च को सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक खुली रहेगी। वसंतोत्सव में विभिन्न 16 श्रेणियों में 186 पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। आईटीबीपी, आईएमए बैण्ड, पीएसी, स्काउट एंड गाईड व पाइप बैंड द्वारा आकर्षक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। संस्कृति विभाग के सौजन्य से लोक कलाकारों कीक ओर से राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक भी प्रस्तुत की जाएगी।
विभिन्न प्रतियोगिताएं होंगी आयोजित
वसंतोत्सव में पहली बार रूफ टॉप गार्डनिंग, बोनसाई गार्डनिंग और शहद प्रसंस्करण से संबंधित प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। व्यावसायिक, निजी पुष्प उत्पादकों सहित विभिन्न सरकारी उद्यानों की पुष्प प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिता, पुष्प आधारित रंगोली प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। फूलों एवं प्राकृतिक सौन्दर्य पर आधारित फोटो प्रदर्शनी, पेंटिंग व विशेष डाक टिकटों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। पुष्प प्रदर्शनी, प्रतियोगिता के लिए विभिन्न श्रेणियों की कई प्रतियोगिताएं प्रस्तावित हैं, जिनमें कट फ्लावर, पौटेड प्लांट अरेंजमैंट, लूज फ्लावर अरेंजमैंट, हैंगिंग पॉट्स प्रतियोगिताओं के साथ ही ‘ऑन द स्पॉट फोटोग्राफी’ भी आयोजित होगी।