नोटबंदी से परेशान ग्राहकों के लिए डाक विभाग का सर्वर मुसीबत का सबब बन गया है। 15 दिन से सर्वर ठप होने से उत्तर भारत के ग्राहकों के करोड़ों के चेक अटक गए हैं। इसके चलते उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और राजस्थान के ग्राहक काफी परेशान हैं।
नोट बंदी का फैसला आने के बाद से लोग भुगतान के लिए अपने बैंक और डाकघर तक पहुंच रहे हैं। बैंकों से तो चेक क्लियरेंस में समस्या नहीं है लेकिन डाकघर का उत्तरी ग्रिड का सर्वर 15 दिनों से ठप होने से यहां लगने वाले चेकों की क्लियरेंस ही नहीं हो पा रही है। उत्तर भारत के ग्राहक परेशान हैं। डाकघरों के चक्कर काट रहे हैं।
ग्राहकों का कहना है कि एक ओर सरकार कैश के बजाए चेक या अन्य ई-माध्यमों से भुगतान पर जोर दे रही है, वहीं दूसरी ओर चेक क्लियरेंस नहीं होने से सबकुछ ठप पड़ा है। डाकघरों के पास बैंकों के मुकाबले पैसा भी कम आ रहा है, इसलिए वह पर्याप्त पैसा ग्राहकों को कैश में भी उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं। वरिष्ठ डाक अधिकारी जेपी सेमवाल ने बताया कि सर्वर की खराबी की वजह से चेक क्लियरेंस नहीं हो पा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही समस्या का समाधान हो जाएगा।