फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तराखंड: आईजी की गाड़ी में सवार पुलिसकर्मियों की दबंगई, प्रॉपर्टी डीलर से लूटा नोटों से भरा बैग

Wed, 10 Apr 2019 11:07 PM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
पुलिस - फोटो : प्रतीकात्मक तस्वीर
विज्ञापन

आदर्श चुनाव आचार संहिता का डर दिखाकर पुलिसकर्मियों ने प्रॉपर्टी डीलर से नोटों से भरा बैग लूट लिया। बड़ी बात यह है कि वारदात में आईजी गढ़वाल अजय रौतेला की सरकारी गाड़ी का इस्तेमाल हुआ। मामले में रकम देने वाले प्रॉपर्टी डीलर अनुपम शर्मा और तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। 

विज्ञापन


प्राथमिक जांच के बाद एसएसपी ने मामले में दरोगा दिनेश नेगी और दो अन्य पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। मुकदमे में रकम का तो कोई हवाला नहीं दिया गया, लेकिन बैग में करीब एक करोड़ रुपये होने की चर्चा है। आईजी गढ़वाल का कार चालक हिरासत में बताया गया है। 

यह घटना चार अप्रैल की रात पौने दस बजे राजपुर रोड पर हुई। पांच दिन की जद्दोजहद के बाद मंगलवार रात डालनवाला कोतवाली में लूट की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया। कैनाल रोड निवासी अनुरोध पंवार ने डालनवाला पुलिस को बताया कि चार अप्रैल की रात परिचित अनुपम शर्मा ने उन्हें पेमेंट देने के लिए राजपुर रोड स्थित क्लब डब्लूआईसी में बुलाया था। 

विज्ञापन

वे अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से वहां पहुंचे तो उन्हें अनुपम की जगह क्लब का मैनेजर अर्जुन पंवार मिला। क्लब के रेस्टोरेंट में करीब तीस मिनट बैठने के बाद मैनेजर ने नोटों से भरा बैग उन्हें दिया। पार्किंग तक मैनेजर ही बैग लेकर आया था। इस कारण वे रकम नहीं गिन पाए। 

क्लब से निकलते ही एक स्कॉर्पियो उनके पीछे लग गई। गाड़ी में सवार लोगों ने मधुबन होटल के पास ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया। गाड़ी से उतरे दो वर्दीधारियों ने आचार संहिता का हवाला देते हुए उनकी गाड़ी की तलाशी शुरू कर दी। 

नोटों से भरा बैग मिलने पर दोनों ने उन्हें उतारकर अपनी गाड़ी में बैठा दिया। एक जवान उनकी गाड़ी लेकर पीछे-पीछे चल दिया। गाड़ी चला रहे वर्दीधारी ने बताया कि सादी वर्दी में बैठा शख्स आईएएस अधिकारी है। रास्ते में इन लोगों ने नोटों से भरा बैग मिलने पर अनुरोध पंवार को आतंकित भी किया। सर्वे चौक के पास आरोपियों ने उन्हें गाड़ी से उतार दिया और नोटों से भरा बैग छीनकर ले गए।
विज्ञापन

अनुरोध उस समय यह सोचकर घर लौट गए कि चुनावी टीम ने उनका बैग जब्त किया है। अगले दो दिन तक किसी थाने में रकम जब्त होने की बात सामने नहीं आई तो उन्हें शक हुआ। पंवार का आरोप है कि अनुपम शर्मा के कहने पर वर्दीधारियाें ने योजना के तहत उनका पैसा लूटा है।

पंवार की शिकायत सुनकर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारी मंगलवार को दिन भर घटनाक्रम को लेकर मंथन करते रहे। देर रात जाकर अनुरोध पंवार की तरफ से प्रॉपर्टी डीलर अनुपम शर्मा और तीन पुलिस कर्मियाें के खिलाफ धारा 392 (लूट) और 120बी (आपराधिक साजिश) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। बुधवार को एसएसपी ने उप निरीक्षक दिनेश नेगी, चालक कांस्टेबल हिमांशु और घुड़सवार पुलिस के कांस्टेबल मनोज अधिकारी को निलंबित कर दिया। 

शिकायतकर्ता अनुरोध पंवार की तहरीर पर प्रॉपर्टी डीलर अनुपम शर्मा और तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ डालनवाला कोतवाली में लूट की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दरोगा दिनेश नेगी समेत तीनों पुलिसकर्मियों को गलत कार्य और सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। विवेचना में आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 
-अजय रौतेला, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल रेंज।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें