आली (आदिबदरी) गांव के दिव्यांग हरेंद्र सिंह रावत ने भारतीय पैरा क्रिकेट प्रतियोगिता में उत्तराखंड की टीम में जगह बनाई। हरेंद्र सितंबर माह में नेपाल के काठमांडू शहर में होने वाली भारतीय पैरा क्रिकेट टीम में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
दिव्यांग हरेंद्र सिंह रावत (36) वर्तमान में पीजी कॉलेज कर्णप्रयाग में लिपिक के पद पर कार्यरत हैं। हरेंद्र ने वर्ष 1996 से खेलना शुरू किया और कई प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया।
उन्होंने पैरा क्रिकेट प्रतियोगिता में उत्तराखंड की ओर से टीम में जगह बनाई है। सितंबर में काठमांडू शहर में पैरा क्रिकेट प्रतियोगिता होगी जिसमें वह शामिल होंगे। हरेंद्र रावत ने बताया कि वे इस प्रतियोगिता में ऑल राउंडर की भूमिका में खेलेंगे।
हरेंद्र ने बताया कि वे वर्ष 2015 में चेन्नई, 2016 में हरियाणा के पंचकुला, 2017 में गुजरात, 2018 में आगरा के अलावा यूपी, दिल्ली, मुबई में उत्तराखंड की ओर से खेल चुके हैं। उन्हें पैरा खेलों में राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर उत्कृष्ट खिलाड़ी के रूप में कई बार सम्मानित किया जा चुका है।