राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत चुनाव के लिए तीन चरणों में मतदान की अधिसूचना जारी की है। शुक्रवार शाम आयोग की अधिसूचना होते ही 12 जिलों में आदर्श चुनाव आचार संहिता प्रभावी हो गई। 65 हजार से ज्यादा पदों के लिए चुनाव कराया जा रहा है। नामांकन प्रक्रिया 20 सितंबर से शुरू होने जा रही है।
राज्य निर्वाचन आयुक्त चंद्रशेखर भट्ट के अनुसार, सभी जिलों में अग्रिम तौर पर मतपत्र पहुंचाए जा चुके हैं। सारी व्यवस्था कर ली गई है। उन्होंने बताया कि छह अक्तूबर को महाष्टमी पर मतदाताओं की सुविधा का ध्यान रखते हुए पहले चरण के मतदान की तारीख बदल दी गई है। अब पांच अक्तूबर को पहले चरण के चुनाव होंगे। इस संबंध में सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।