उत्तराखंड में श्रीनगर और बाजपुर नगर निकायों में निर्वाचित बोर्ड का शपथ ग्रहण समारोह 25 जुलाई को तय किया गया है। दून और ऋषिकेश नगर निगम के निर्वाचित सभासदों को भी इसी दिन शपथ दिलवाई जाएगी।
शासन ने निर्वाचित बोर्ड की पहली बैठक के लिए भी तारीख तय कर दी है। शपथ ग्रहण के अगले दिन यानी 26 जुलाई को निर्वाचित बोर्ड की पहली बैठक आयोजित की जाएगी। शहरी विकास सचिव शैलेश बगोली की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं।
श्रीनगर और बाजपुर नगर निकाय के अध्यक्ष, सभासदों के साथ ही दून नगर निगम के वार्ड संख्या-61 आमवाला तरला और ऋषिकेश नगर निगम के वार्ड संख्या तीन दुर्गा मंदिर के सभासद पद के लिए दस जुलाई को मतदान हुआ था। नतीजे अगले दिन घोषित किए गए थे, तब से शपथ ग्रहण और बोर्ड बैठक के लिए तारीख तय होने का इंतजार किया जा रहा था।
हालांकि पूर्व में यह व्यवस्था रही है कि संबंधित बोर्ड अपनी-अपनी सुविधा के अनुरूप शपथ ग्रहण और पहली बैठक की तारीख तय कर लिया करते थे, लेकिन इस वजह से बोर्ड के कार्यकाल को लेकर दिक्कतें पैदा हो रही थीं।
बोर्ड की पहली बैठक से ही उसका कार्यकाल शुरू माना जाता है। अलग-अलग दिन शपथ ग्रहण और बोर्ड बैठक होने से निकायों के कार्यकाल की अलग-अलग अवधि निकल रही थी। एकरूपता के लिए कुछ समय से शासन ही इसे तय करने लगा है।