फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तराखंड निकाय चुनाव: श्रीनगर और बाजपुर में कांग्रेस का कब्जा, दून-ऋषिकेश में खिला कमल

Thu, 11 Jul 2019 12:48 PM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
जीत के बाद कांग्रेस प्रत्याशी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

उत्तराखंड में श्रीनगर और बाजपुर नगर निकायों में सोमवार के हुए मतदान के बाद आज मतगणना पूरी हुई। श्रीनगर और बाजपुर दोनों ही जगह कमल को पछाड़ पंजे ने पैठ जमाई। वहीं दून और ऋषिकेश दोनों ही जगह कमल खिला। 

विज्ञापन


श्रीनगर पालिका अध्यक्ष पद पर कांग्रेस का कब्जा
श्रीनगर पालिका अध्यक्ष पर कांग्रेस कब्जा करने में सफल रही है। पार्टी प्रत्याशी पूनम तिवारी ने भाजपा प्रत्याशी सरोजनी रावत को 638 मतों से पराजित कर जीत दर्ज की। पूनम को 4413 और सरोजनी को 3775 मत मिले। निर्दलीय प्रत्याशी आशा उपाध्याय 2930 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रही, जबकि भाजपा की बागी पूर्णकला जैन 1500 मतों के साथ चौथे स्थान पर रही। 

नगर पालिका चुनाव में 23,126 मतदाताओं के सापेक्ष 13 हजार 204 मतदाताओं ने वोट डाले थे। बुधवार को तहसील परिसर में अध्यक्ष पद के लिए दो राउंड में मतगणना हुई। कांग्रेस प्रत्याशी पूनम तिवारी ने शुरुआती दौर में ही वार्ड एक से 447 मत प्राप्त कर बढ़त बना ली।
विज्ञापन


भाजपा प्रत्याशी ने बढ़त को कम करने की कोशिश की, लेकिन निर्दलीय प्रत्याशी के ज्यादा मत हासिल करने से भाजपा प्रत्याशी कांग्रेस से आगे नहीं निकल पाईं। आरओ दीपेंद्र नेगी ने बताया कि अन्य निर्दलीय प्रत्याशियों में बीना चौधरी को 319 और सीमा भंडारी को 215 मत मिले। 52 मत नोटा के खाते में गए और 456 मत रद्द किए गए। 

सभासद पदों पर निर्दलीयों का कब्जा

पालिका चुनाव में सभासद के अधिकांश पदों पर निर्दलीय प्रत्याशियों का कब्जा रहा। 13 वार्डों में से 7 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। 4 वार्डों में भाजपा और एक वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी विजयी रहा है, जबकि वार्ड संख्या पांच में भाजपा का प्रत्याशी पूर्व में ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुका था। 

वार्ड संख्या एक श्रीकोट तल्ला से निर्दलीय प्रत्याशी संजय कुमार विजयी रहे। संजय कुमार को 410 और उनके निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के त्रिलोक दर्शन थपलियाल को 235 मत मिले। वार्ड संख्या 2 श्रीकोट मल्ला से निर्दलीय प्रत्याशी विभोर बहुगुणा विजयी रहे। विभोर को 794 मत मिले। इस वार्ड में अन्य सभी प्रत्याशियों की जमानत जब्त हुई। वार्ड संख्या 3 रेवड़ी कांडई से निर्दलीय प्रत्याशी राकेश सेमवाल जीते। राकेश को 540 व उनकी निकटतम प्रतिद्वंदी सुनीता देवी को 331 मत मिले। वार्ड संख्या 4 एजेंसी मोहल्ला से भाजपा के अनूप बहुगुणा विजयी रहे।

अनूप को 594 और उनके प्रतिद्वंद्वी संजय बिष्ट को 220 मत मिले। वार्ड संख्या 6 कंसमर्दनी सैंण से निर्दलीय सूरज विजयी रहे। सूरज को 371 और उनके निकटतम प्रतिद्वंदी शिवलाल को 350 मत मिले। वार्ड संख्या 7 गणेश बाजार से कांग्रेस प्रत्याशी विनोद मैठाणी विजयी रही। विनोद मैठाणी को 413 और उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी अलका पांडे को 153 मत मिले। वार्ड संख्या 8 निरंजनी बाग से भाजपा की प्रमिला देवी विजयी रही। उन्हें 370 मत मिले। उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस की रेखा अग्रवाल को 229 मत मिले। वार्ड संख्या 9 बजीरों का बाग से भाजपा की पूजा गौतम विजयी रही।

उन्हें 367 और उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस की रामेश्वरी देवी को 196 मत मिले। वार्ड संख्या 10 कमलेश्वर से निर्दलीय उम्मीदवार अनीता देवी विजयी रही। अनीता देवी को 520 और उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा की राजेश्वरी देवी को 257 मत पड़े। वार्ड संख्या 11 भक्तियाना से निर्दलीय प्रत्याशी हिमांशु बहुगुणा विजयी रहे। उन्हें 572 और उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी सुधांशु नौडियाल को 407 मत मिले। वार्ड संख्या 12 डांग ऐठाणा से निर्दलीय प्रत्याशी हरि सिंह मिंया विजयी रहे। मियां को 588 और उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी सुरेंद्र सिंह रावत को 423 मत मिले। वार्ड संख्या 13 उफल्डा से भाजपा प्रत्याशी कविता रावत विजयी रही। उन्हें 501 मत मिले। उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी पार्वती देवी को 292 मत मिले। वार्ड संख्या पांच से भाजपा प्रत्याशी विनीत पोश्ती पूर्व में ही निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिए गए थे। 
 

बाजपुर में गित्ते ने बाजपुर में दिखाई ‘पंजे’ की ताकत

बाजपुर निकाय चुनाव का परिणाम कांग्रेस के लिए संजीवनी से कम नहीं है। चेयरमैन पद पर कांग्रेस प्रत्याशी गुरजीत सिंह गित्ते ने अपने प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी राजकुमार को 2990 मतों से शिकस्त दी। गित्ते को 9025 मत मिले, जबकि राजकुमार को 6035 मत से संतोष करना पड़ा। 18,096 लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया था।

मतगणना बुधवार को जीजीआईसी में सुबह आठ बजे से शुरू हुई। पहले चरण में कांग्रेस प्रत्याशी गुरजीत सिंह गित्ते को 4727 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी राजकुमार को 2857 मत मिले। 1870 की लीड लेकर कांग्रेस प्रत्याशी गुरजीत सिंह गित्ते आगे ही रहे। भाजपा प्रत्याशी राजकुमार अंतिम चरण तक बढ़त नहीं ले पाए।

शाम 5:45 बजे एसडीएम/आरओ एपी वाजपेयी ने कांग्रेस प्रत्याशी गुरजीत सिंह गित्ते को 2990 मतों से विजयी घोषित कर प्रमाणपत्र सौंपा। इसी तरह चेयरमैन पद पर बसपा के अशोक कुमार गौतम को 66 मत, समाजवादी पार्टी के अरविंद यादव को 244 मत, निर्दलीय अजीम अहमद को 578 मत, निसार अहमद को 674 और महीपाल यादव को 512 वोट मिले। नोटा को 54 मत पड़े। अध्यक्ष पर पद 853 मत निरस्त हुए।
विज्ञापन

दून और ऋषिकेश के दोनों वार्डों में खिला कमल 

दून और ऋषिकेश के दो वार्डों में हुए उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है। देहरादून के आम वाला तरला वार्ड नंबर 61 में भाजपा की नीतू वाल्मीकि ने कांग्रेस की मोनिका को 190 मतों से मात दी। जबकि, ऋषिकेश के वार्ड नंबर तीन दुर्गा मंदिर में प्रियंका यादव ने कांग्रेस प्रत्याशी को 356 मतों से हराया। उपचुनाव के लिए आठ जुलाई को मतदान हुआ था।

बुधवार सुबह देहरादून नगर निगम उपचुनाव की मतगणना निगम परिसर और ऋषिकेश में हुए उपचुनाव की मतगणना तहसील परिसर में हुई। दोपहर करीब एक बजे परिणामों की घोषणा की गई। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व बीर सिंह बुदियाल ने बताया कि वार्ड नंबर 61 आमवाला तरला में नीतू वाल्मीकि को 1641 वोट पड़े। जबकि, उनकी प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस की मोनिका को 1451 मत मिले। इस तरह नीतू ने मोनिका को 190 मतों से मात देकर पार्षद पद पर कब्जा किया। 

उधर, ऋषिकेश के दुर्गा मंदिर वार्ड में कांग्रेस की श्यामा राजभर को 567 वोट मिले। जबकि, भाजपा की प्रियंका यादव को 923 वोट पड़े। प्रियंका यादव को 356 वोट से विजयी घोषित किया। नवनिर्वाचित पार्षदों को अगले सप्ताह शपथ दिलाई जाएगी। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि मतगणना के दौरान किसी की कोई शिकायत नहीं आई है। 

दोनों वार्डों पर कांग्रेस का था कब्जा 
नवंबर-2018 में हुए नगर निगम चुनाव में दोनों वार्डों पर कांग्रेस प्रत्याशी विजयी हुए थे। दुर्गा मंदिर वार्ड ऋषिकेश में कांग्रेस की रीना गुप्ता विजयी हुई थीं। जबकि, आमवाला तरला देहरादून में रीता रानी जीती थीं। लेकिन, दोनों ही प्रत्याशियों के जाति प्रमाणपत्र फर्जी पाए जाने पर उन्हें अयोग्य घोषित करते हुए चुनाव निरस्त कर दिए थे
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें