चमोली जिले की नगर पंचायत पोखरी देवर वार्ड में पुनर्मतदान की पूरी तैयारी कर ली गई है। बृहस्पतिवार को सुबह आठ बजे से इस वार्ड में मतदान शुरू हो जाएगा। मतदान समाप्ति के बाद आज ही मतगणना कराकर परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।
देवर वार्ड के 400 मतपत्रों पर पीठासीन अधिकारी के हस्ताक्षर और मुहर न होने से सभी मतपत्र अवैध घोषित किए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी स्वाति एस भदौरिया पोलिंग बूथ देवर के पीठासीन अधिकारी के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई के निर्देश पहले ही जारी कर चुकी हैं। इसके अलावा पोलिंग पार्टी के अन्य कर्मचारियों से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है। नगर पंचायत पोखरी में 3376 मतदाताओं में से 2411 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
कुल सात वार्डों में से छह वार्डों की गिनती पूरी कर ली गई थी। सातवें वार्ड देवर की मतगणना शुरू हुई तो 400 मतपत्रों पर पीठासीन अधिकारी के हस्ताक्षर और मुहर नहीं होने से विवाद खड़ा हो गया। मतदान अभिकर्ताओं ने चुनाव रद्द कर पुनर्मतदान की मांग उठाई थी। इस पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने राज्य निर्वाचन आयोग से अनुमति मांगी। अनुमति मिल जाने के बाद अब बृहस्पतिवार को यहां दोबारा मतदान कराया जा रहा है। नगर निकाय चुनाव के दौरान काशीपुर के एक वार्ड में भी पुनर्मतदान कराया जा चुका है।