पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए तराई पश्चिमी वन प्रभाग ने दक्षिण जसपुर में जू कम सफारी प्रोजेक्ट तैयार किया है। इस क्षेत्र में अफ्रीका की तरह ही पिंजरानुमा कैंटर से पर्यटकों को सफारी कराई जाएगी। यह जू 123 हेक्टेयर में बनेगा जो पूरी तरह से कवर होगा। तराई पश्चिमी वन प्रभाग ने मानचित्र तैयार कर मंजूरी के लिए प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा है।
जू-कम सफारी के लिए 123 हेक्टेयर वन भूमि में से 20 हेक्टेयर में बाघ, 20 हे. में तेंदुए और 30 हे. में शाकाहारी वन्यजीव रखे जाएंगे। शेष हिस्से में बायोडायवर्सिटी पार्क बनाया जाएगा। रामनगर आने वाले पर्यटक कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के सभी जोनों और सीतावनी के अलावा दक्षिणी जसपुर में भी सफारी कर सकेंगे।
जू-कम सफारी का प्रस्ताव सेंट्रल जू ऑथॉरिटी को भेज दिया है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलते ही जू-कम सफारी का काम शुरू किया जाएगा।
- हिमांशु बागरी, डीएफओ, तराई पश्चिमी वन प्रभाग